सेंध काटकर नकदी व जेवरात चुरा ले गए चोर

गुरुवार को सुबह घर से कुछ दूरी पर खेत में मिला खाली बक्सा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 11:28 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 11:28 PM (IST)
सेंध काटकर नकदी व जेवरात चुरा ले गए चोर
सेंध काटकर नकदी व जेवरात चुरा ले गए चोर

संतकबीर नगर: धनघटा थानाक्षेत्र के कनैला गांव के मौर्या टोले में बीते बुधवार की रात घर के पीछे सेंध काटकर चोर घर में रखे बक्से को उठा ले गए। गुरुवार को सुबह यह बक्सा घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में मिला। बक्से में रखा सोने-चांदी का जेवरात, नकदी व जरूरी कागजात गायब मिले। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

धनघटा थानाक्षेत्र के कनैला गांव के मौर्या टोला निवासी आशा देवी पत्नी स्वर्गीय विजय बहादुर बीते बुधवार की रात परिवार के सदस्यों के साथ घर में सोई थीं। रात के करीब एक बजे अचानक बक्सा गिरने की आवाज सुनने पर आशा देवी जग गई। उन्होंने देखा की घर के पीछे की दीवार में सेंध काटा गया है। घर में रखा बक्सा गायब है। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया। इस पर घर के पीछे छिपे चोर बक्सा लेकर भागने लगे। गांव के लोगों ने चोरों का पीछा करना शुरू किया। वहीं चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पीछा करने के दौरान गांववासियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। इसकी सूचना यूपी-112 को दी। गांव में पहुंची पुलिस इस व्यक्ति को पकड़कर थाने पर लाई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। गुरुवार की सुबह खाली बक्सा घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में मिला। इसमें जेवरात, नकदी व अन्य सामान गायब मिले। थानाध्यक्ष रोहित प्रसाद ने बताया कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। छत की कुंडी से लटका मिला युवती का शव

संतकबीर नगर: धनघटा थानाक्षेत्र के दुघराकला गांव में बीते बुधवार की रात युवती का शव छत की कुंडी से लटका मिला। आरोप है कि परिवार के सदस्यों ने शव को छिपाने का प्रयास किया। इसी बीच गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे-दी। गांव में पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की बातें हो रहीं हैं।

रामबृज की पुत्री भोली का शव बीते बुधवार की रात उसकी मां श्यामरथी ने छत की कुंडी से लटके हुए देखा तो वह अवाक हो गई। इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को दी। आरोप है कि परिवार के सदस्यों ने शव को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में रोने-चिल्लाने की आवाज पर आसपास के लोग पहुंचे और इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मां श्यामरथी ने बताया कि वह रात करीब आठ बजे खेत की तरफ गई थी। इसी दौरान बेटी ने आत्महत्या कर लिया। आत्महत्या उसने क्यों की..? मां इस सवाल का जवाब नहीं दे पाई। मां ने बताया कि उनके पति 10 दिन पूर्व पंजाब के लुधियाना में जीविकोपार्जन के लिए गए हैं। घर पर वह अपनी दो बेटियां भोली और दिव्या के साथ रहती थीं। थानाध्यक्ष रोहित प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पीड़ित परिवार ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है।

chat bot
आपका साथी