बौद्ध स्तूप के संरक्षण व सुंदरीकरण का कार्य तेज

स्तूप के चारों तरफ से हो रहा बाउंड्रीवाल का निर्माण

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 11:00 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 11:00 PM (IST)
बौद्ध स्तूप के संरक्षण व सुंदरीकरण का कार्य तेज
बौद्ध स्तूप के संरक्षण व सुंदरीकरण का कार्य तेज

संतकबीर नगर: मेंहदावल तहसील क्षेत्र के धर्मसिंहवा कस्बे में स्थित ऐतिहासिक व पौराणिक बौद्ध स्तूप के संरक्षण व सुंदरीकरण का कार्य शुरू है। काम में भी तेजी आ गई है। क्षतिग्रस्त बौद्ध स्तूप के चारों तरफ से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। बाउंड्रीवाल के निर्माण के बाद स्तूप के सुंदरीकरण का कार्य कराने की योजना है। बीते चार महीने से यह कार्य चल रहा है। बारिश के कारण कुछ दिन तक बौद्ध स्तूप के संरक्षण का कार्य जरूर प्रभावित रहा। लेकिन इन दिनों तेजी के साथ बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। बौद्ध स्तूप तक पहुंचने के लिए सड़क का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है। बौद्ध स्तूप का संरक्षण होने से सांस्कृतिक विरासत को एक पहचान दिलाने में कामयाबी के तौर पर इसे देखा जा रहा है।

सैकड़ों वर्ष पूर्व बौद्ध भिक्षुओं के द्वारा धर्मसिंहवा कस्बे में बौद्ध स्तूप का निर्माण कराया गया था। बताया जाता है कि यहां पर भारी संख्या में बौद्ध भिक्षु आते थे। यहीं पर बैठक करके धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए वह इसी स्थान से निकलते थे। बौद्ध स्तूप के बगल में ही एक सरोवर स्थित है। यहां पर बौद्ध भिक्षु स्नान करते थे। समय के साथ-साथ बौद्ध स्तूप बदहाल होता चला गया। वर्तमान समय में बौद्ध स्तूप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर धराशाई हो चुका है। बीते बारिश के दिनों में रहा हिस्सा भी ढह गया। स्थानीय लोग 1990 से बौद्ध स्तूप के सुंदरीकरण की मांग कर रहे थे। इसको लेकर पिछले तीन वर्षों से कई बार पर्यटन विभाग व संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने जायजा भी लिया लेकिन कार्ययोजना जमीन पर नहीं उतर सकी। मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल ने एक वर्ष पूर्व बौद्ध स्थल का निरीक्षण कर बौद्ध स्तूप के संरक्षण व सुंदरीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजवाया था। बीते छह माह पूर्व मुख्यमंत्री संवर्धन योजना के तहत लगभग 50 लाख रुपए की राशि बौद्ध स्तूप के संरक्षण व सुंदरीकरण के लिए मंजूर की गई थी। भविष्य में इससे बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का दावा भी विधायक के द्वारा किया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बौद्ध स्तूप का सुंदरीकरण व संरक्षण का कार्य अगर बेहतर तरीके से हो तो यह क्षेत्र नेपाल से कम दूरी होने के कारण पर्यटन की असीम संभावनाएं बनेंगी। स्थानीय लोगों के साथ-साथ सरकार को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके विकसित होने से स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल सकता है। विधायक राकेश सिंह बघेल ने बताया कि उनके प्रयास के बाद बौद्ध स्तूप के संरक्षण के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। भविष्य में इसे बेहतर पर्यटन स्थल बनाने के लिए समुचित प्रयास किया जाएगा। जिससे धर्मसिंहवा कस्बे को एक अलग पहचान मिल सके।

chat bot
आपका साथी