मनबढ़ों ने मारकर तोड़ दिया बुजुर्ग का हाथ-पैर

मनबढ़ गांव छोड़कर जाने की दे रहे थे धमकी

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 11:27 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 11:27 PM (IST)
मनबढ़ों ने मारकर तोड़ दिया बुजुर्ग का हाथ-पैर
मनबढ़ों ने मारकर तोड़ दिया बुजुर्ग का हाथ-पैर

संतकबीर नगर : दुधारा थानाक्षेत्र के बाकरगंज के बुजुर्ग की गांव के ही कुछ मनबढ़ों ने मारपीट कर हाथ-पैर तोड़ दिया। आरोपित बुजुर्ग को घर और खेती छोड़कर गांव से भागने के लिए पिछले कुछ दिनों से धमकी दे रहे थे। इसका जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें इतना पीटा की वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराए हैं। पीड़ित के पुत्र राम सजीवन ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई गई है।

उन्होंने तहरीर में लिखा है कि उनके 67 वर्षीय पिता पल्टूराम जायसवाल गांव में रहते हैं। गांव के कुछ लोग पिता जी से घर व खेती उनके नाम करने का दबाव बना रहे हैं। इससे पहले भी आरोपित मारपीट करते रहे हैं। उनके डर से परिवार के लोग खलीलाबाद में किराए पर रह रहे हैं। सोमवार को उनके पिता घर पर थे, तभी मनबढ़ वहां पहुंच गए और घर छोड़कर जाने को कहे। इसका जब पिता ने विरोध किया तो आठ की संख्या में मौजूद आरोपितों ने लाठी से पीटना शुरू कर दिया। उन्हें तब तक पीटा गया जब तक वह बेहोश नहीं हो गए। गांव के लोगों ने उन्हें पिता के पिटाई किए जाने की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताने के बाद पिता जी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि उनके दोनों पैर की हड्डी टूट गई है। एक हाथ की हड्डी टूटी है। इसके साथ ही उनके सिर में भी चोट है। थानेदार मनोज पांडेय ने कहा कि जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आरोपितों पर मामला दर्ज किया जाएगा। बुजुर्ग महिला ने की कुआनो नदी में कूदकर जान देने का प्रयास

संतकबीर नगर: थानाक्षेत्र के भिटकिनी गांव निवासी कैंसर पीड़ित बुजुर्ग महिला ने मंगलवार को कुआनो नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया। संयोग अच्छा रहा कि इसी दरम्यान पुलिस कर्मी गुजर रहे थे। पुलिस कर्मियों ने कूदने के पूर्व इस महिला को पकड़ लिया। महिला जान देने के लिए गांव से मुखलिसपुर नदी के पुल पर पहुंची थी। पुलिस कर्मियों ने बेटे को बुलाकर महिला को उसके घर भेजवा दिया।

भिटकिनी गांव निवासी 70 वर्षीय राजमती निषाद के जीभ में कैंसर हो गया है। गरीब परिवार की इस महिला का काफी दिनों से उपचार चल रहा था। वह इस बीमारी से आजिज आ चुकी थी। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मुखलिसपुर के निकट स्थित कुआनो नदी के पुल से नदी में कूदने का प्रयास करने लगी। इसी दरम्यान पुलिस कर्मी अरविद गुप्ता, हरिकेश, रजनीश व दिनेश मौके पर पहुंच गए। महिला को नदी में कूदने से बचा लिया। पूछताछ के बाद महिला ने अपना नाम-पता व बीमारी के बारे में इन्हें जानकारी दी। पुलिस कर्मियों ने महिला को काफी समझाया। संकट की घड़ी में धैर्य के साथ जीवन गुजारने की सलाह दी। पुलिस कर्मियों के बुलाने पर इस महिला का बेटा मुरलीलाल घटनास्थल पर पहुंचा। बेटा मां को लेकर घर गया।

chat bot
आपका साथी