असलहे के बल पर बदमाशों ने महिला से छीनी सोने की चेन

नाथनगर के निकट पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 11:05 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 11:05 PM (IST)
असलहे के बल पर बदमाशों ने महिला से छीनी सोने की चेन
असलहे के बल पर बदमाशों ने महिला से छीनी सोने की चेन

संतकबीर नगर: नाथनगर के निकट पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने शुक्रवार को महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। महिला भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से खलीलाबाद से तामा गांव स्थित घर जा रही थी। दिन में घट रही इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों व अन्य लोगों में दहशत है। लोग महुली पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

महुली थाने पर दी गई तहरीर में धनघटा थानाक्षेत्र के तामा गांव में ब्याही मंजू देवी पत्नी सर्वेश राय ने यह उल्लेख किया है कि वह मायके खलीलाबाद गई थी। वह खलीलाबाद से शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से तामा गांव स्थित घर पर आ रही थी। वह खलीलाबाद-धनघटा राजकीय मार्ग पर नाथनगर के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी। इसी दरम्यान पीछे से एक लाल रंग की मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। असलहे के बल पर उनके गले से सोने की चेन छीनकर नाथनगर की तरफ फरार हो गया। उसके शोर मचाने पर जब तक लोग उसके पास आते तब तक बदमाश भागने में कामयाब रहे। इस संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए महुली के थानाध्यक्ष रणविजय सिंह के सीयूजी नंबर पर तीन बार फोन किया गया। हर बार फोन की घंटी बजी लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस पर एसपी डा. कौस्तुभ के दूरभाष पर संपर्क किया गया। एसपी ने कहा कि घटना की सूचना मिली है। बदमाश की खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है। थानेदार का फोन नहीं उठना गंभीर है, वह इसकी जांच करेंगे।

chat bot
आपका साथी