15 हजार से कम आय वाले कामगारों के लिए चल रही योजनाएं : सुनील

ऐसे कामगारों के बच्चों को योजना का लाभ दिलाकर उनका विकास करें अधिकारी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 11:14 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 11:14 PM (IST)
15 हजार से कम आय वाले कामगारों के लिए चल रही योजनाएं : सुनील
15 हजार से कम आय वाले कामगारों के लिए चल रही योजनाएं : सुनील

संतकबीर नगर: सूबे के श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला ने शुक्रवार को पुरानी तहसील के निकट स्थित पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले में सीडीओ सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कारखानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले ऐसे कामगार जो प्रतिमाह 15 हजार रुपये से कम मानदेय पाते हैं। ऐसे कामगारों के लिए सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी ऐसे कामगारों के बच्चों के लिए डा. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक शिक्षा सहायता, गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार राशि सहायता, ज्योतिबाफुले कन्यादान सहायता, राजा हरिश्चन्द्र मृतक आश्रित सहायता, दत्तोपंतठेंगड़ी मृतक अन्त्येष्टि सहायता योजना, महादेवी वर्मा श्रमिक पुस्तक क्रय धन सहायता, श्रवण कुमार श्रमिक ऐतिहासिक पर्यटन सहायता, चेतन चौहान श्रमिक क्रीड़ा प्रोत्साहन सहायता दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करें। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक अवश्य पहुंचनी चाहिए। इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाय जिससे लोगों को योजनाओं के बारे में जानकारी मिल सके। भाजपा सरकार गरीबों और कामगारों के उत्थान की दिशा में ठोस पहल कर रही है। इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अवसर सदस्य आदित्य त्रिपाठी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मो. अब्बास, सहायक आयुक्त व्यापार कर भारत भूषण, संतोष कुमार श्रीवास्तव, अपर जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, सुभाष शुक्ल, सर्वदानंद पाण्डेय आदि मौजूद रहे। ध्वस्त सड़कों के निर्माण को लेकर सपाइयों ने किया सड़क जाम

संतकबीर नगर: सांथा ब्लाक के प्रधान संघ अध्यक्ष रणवीर पांडेय ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को एक पखवारा पहले पत्र देकर टड़वरिया-गनवरिया मार्ग समेत छह सड़कों का निर्माण करवाए जाने की मांग की थी। इसे लेकर कोई प्रगति सामने नहीं आने पर शुक्रवार को सपाइयों ने गनवरिया चौराहे के पास सड़क जाम कर दिया। धरना पर बैठे नेताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के आश्वासन पर हटे।

प्रधान संघ के अध्यक्ष ने टड़वरिया-गनवरिया, समदा-प्रतापपुर मार्ग, निघुरी राजेडिहा मार्ग, लोहरसन-हसनी मार्ग समेत छह सड़कों की दशा बद से बदतर बताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर निर्माण करवाए जाने की मांग की थी। मामले में कुछ प्रगति नहीं हो पाने से सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पांडेय के नेतृत्व में सपाइयों ने टड़वरिया-

गनवरिया मार्ग को दिन में लगभग 12 बजे जाम कर दिया। जयराम पांडेय ने कहा कि भाजपा झूठे वादों पर सरकार चला रही है। जनता के सामने भाजपा की पोल खुल चुकी है। 2022 में सपा की सरकार बनाने का लोगों ने मन बना लिया है। लगभग दो घंटे सड़क पर आवागमन ठप रहा। अधिशासी अभियंता रामजी प्रसाद ने सड़कों का निर्माण करवाने के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क जाम खत्म हुआ। इस मौके पर अमरेंद्र यादव, अबुल आस खान, अमरनाथ यादव, राधेश्याम, शिवदास, शेषनाथ चौधरी, गयासुद्दीन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी