संतकबीर नगर में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब

तीन सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है नदी का जलस्तर नदी और बांध के बीच स्थित गांवों के निवासियों की बढ़ी चिता

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 11:59 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 11:59 PM (IST)
संतकबीर नगर में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब
संतकबीर नगर में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब

जागरण संवाददाता, पौली, संतकबीर नगर: धनघटा तहसील क्षेत्र में बहने वाली सरयू नदी का जलस्तर गुरुवार की दोपहर से तेजी से बढ़ने लगा है। सरयू खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। नदी तीन सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर खतरे के निशान को छूने के लिए आमादा दिख रही है। इससे तटवर्ती गांवों के लोगों की बेचैनी बढ़ गई है।

गुरुवार को सरयू नदी का जलस्तर 79 मीटर था जो शुक्रवार को बढ़कर 79.20 मीटर पर पहुंच गया है। खतरे का निशान 79.35 मीटर है। इस प्रकार नदी लाल निशान से महज 15 सेमी नीचे बह रही है। उफान जारी है। जलस्तर में तीन सेमी प्रति घंटा की वृद्धि हो रही है।

नदी के बढ़ते जलस्तर से खेत डूबने लगे हैं। नरायनपुर, छपरा मगर्वी, खाले पुरवा, कुर्मियान, गायघाट, गुणवतीया , ढोलबाजा, चनगहा, चपरा पूर्वी आदि गांवों के निवासियों को फिर से गांव छोड़कर बांध पर शरण लेने की चिता सताने लगी है। छपरा मगर्वी निवासी देवेंद्र, गयासुद्दीन, महेंद्र चौहान, छपरा निवासी राम सजीवन, सजनलाल आदि लोगों का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद भी बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं किया जा रहा है।

सहायक अभियंता, बाढ़ खंड सतीश चंद्र का कहना है कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बचाव के लिए विभाग पूरी तरह से तैयार है। बारिश अधिक होने से जलस्तर बढ़ना स्वाभाविक है। अभी खतरे की बात नहीं है।

पंचायत भवन में खामियां, एडीओ को फटकार

जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर: प्रभारी डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद शुक्रवार को अचानक नाथनगर ब्लाक के ग्राम पंचायत बेलराई में जांच के लिए पहुंचे। पंचायत भवन की जांच करने पर खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने एडीओ पंचायत विश्राम प्रसाद को फटकार लगाई। गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा न होने पर सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी।

प्रभारी डीपीआरओ की जांच में पता चला कि पंचायत भवन के निर्माण के लिए पहली किस्त मिली थी। इस राशि से जो कार्य हुआ है, उसकी गुणवत्ता अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। इस पर उन्होंने एडीओ पंचायत को कार्य के प्रति चेताया। वहीं एडीओ पंचायत ने ग्राम पंचायत के प्रधान व पंचायत सचिव को इसके लिए चेतावनी दी। कार्य में सुधार लाने की नसीहत दी। जांच के दौरान प्रधान गिरीश चंद्र चौधरी, पंचायत सचिव भारती शर्मा, संदीप शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी