खतरे के निशान के पार पहुंची सरयू , गांवों में घुसा पानी

जागरण संवाददाता धनघटा संतकबीर नगर धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बुधवार क

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Aug 2021 12:07 AM (IST) Updated:Thu, 19 Aug 2021 12:07 AM (IST)
खतरे के निशान के पार पहुंची सरयू , गांवों में घुसा पानी
खतरे के निशान के पार पहुंची सरयू , गांवों में घुसा पानी

जागरण संवाददाता, धनघटा, संतकबीर नगर: धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बुधवार की सुबह खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। नदी व बांध के अंदर स्थित गांवों में पानी घुसने लगा है। लोग गृहस्थी का सामान सहेजकर सुरक्षित ठिकानों की तरफ भागने लगे हैं।

सरयू नदी का जलस्तर 79.50 मीटर पर पहुंच गया है जो खतरे के निशान से 15 सेंटीमीटर ऊपर है। तुर्कवलिया में लगे गेज के अनुसार यहां खतरे का निशान 79.35 मीटर है। नदी की उफान से गायघाट, सियर, गुणवतिया, ढोलबजा, कंचनपुर आदि गांवों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। स्थानीय लोग मजबूर होकर सुरक्षित ठिकाना तलाशने में जुट गए हैं। बाढ़ प्रभावित रामशंकर यादव, राकेश यादव, सूर्यभान, महातम प्रसाद , जयकिशन, हरिराम, कृष्णा आदि लोगों का कहना है कि गांव में बाढ़ का पानी घुसना शुरू हो गया है। अब हम लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सभी ने आरोप लगाया कि अपने स्तर से वह सुरक्षित ठिकानों की तरफ जा रहे हैं, इसमें प्रशासनिक स्तर से कोई मदद नहीं मिल रही है। तहसीलदार रत्नेश तिवारी ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा के लिए नाव की व्यवस्था की गई है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है।

--

मेंहदावल, संतकबीर नगर: मेंहदावल के कछार से होकर बहने वाली राप्ती नदी खतरे के निशान को छूने के लिए बेताब है। जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, ग्रामीण सहमे हैं। वर्तमान में नदी का जलस्तर 79. 3 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 79.5 मीटर है।

जलस्तर बढ़ने से नदी की कटान भी तेज हो गई है। 19.2 किमी लंबे करमैनी- बेलौली बांध के आसपास के घुरापाली, बेलौली, तिवारीपुर, इंदरपुर, बढ़या ठाठर आदि गांवों में निवास करने वाले लोग परेशान हैं। नदी का जलस्तर बढ़ता देख ड्रेनेज खंड विभाग व प्रशासन के द्वारा भी लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया गया है। रेनकट भरने का काम शुरू किया गया है।

chat bot
आपका साथी