लाल निशान के नीचे आई सरयू, कटान की आशंका

एडीएम व एएसपी ने कटान स्थल का किया निरीक्षण

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 11:56 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 11:56 PM (IST)
लाल निशान के नीचे आई सरयू, कटान की आशंका
लाल निशान के नीचे आई सरयू, कटान की आशंका

संतकबीर नगर: धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बारिश बंद होने के साथ ही घटने लगा है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे पहुंच गया है। हालांकि नदी की धारा तुर्कवलिया में बांध की तरफ अभी भी कटान करते हुए बढ़ रही है। इसे लेकर कछार क्षेत्र निवासी बांध की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं।

शुक्रवार को सरयू नदी का जलस्तर 79.30 था जो शनिवार को घटकर 79.15 मीटर हो गया। तुर्कवलिया में खतरे का निशान 79.35 मीटर है। इसके सापेक्ष अब नदी का जलस्तर 20 सेमी नीचे है। बढ़त जारी रहने के दौरान नदी तुर्कवलिया में बांध की तरफ कटान करते तेजी से आगे बढ़ रही थी। जानकारों का मानना है कि जलस्तर कम होने के साथ कटान थोड़ी और तेज हो जाती है। इसे लेकर क्षेत्रीय निवासी परेशान हैं। हालांकि ड्रेनेज खंड के अधिकारी और कर्मचारी बांध की सुरक्षा के लिए नियमित कैंप करने के साथ ही सुरक्षात्मक उपाय कर रहे हैं। एडीएम ने मनोज कुमार सिंह व एएसपी संतोष कुमार सिंह ने दिन में तीन बजे तुर्कवलिया में कटान स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने बांध की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारों को सक्रिय रहने को कहा। इस मौके पर एसडीएम योगेश्वर सिंह, तहसीलदार रत्नेश तिवारी, ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार, सहायक अभियंता सतीश चंद्र, अवर अभियंता अर्चना गुप्ता,तेज बहादुर सिंह, आरिफ अंसारी मनोज कुमार

सिंह समेत अनेक लोग मौजूद रहे। बारिश में टपक रही छत, अभिलेख बचाना मुश्किल

संतकबीर नगर : बारिश के चलते धनघटा कस्बे में स्थित उप डाकघर की छत बुरी तरह से टप रही है। जिसके कारण डाककर्मियों को अभिलेख बचाना मुश्किल हो गया है। वह लोग किसी तरह से पन्नी व बोरे से ढककर अभिलेख को बचा रहे हैं। पिछले चार दिनों से कोई काम नहीं हो पा रहा है।

कस्बा स्थित उप डाकघर करीब 40 साल से किराए के मकान में चल रहा है। अब यह मकान पूरी तरह से जर्जर हो गया है। भवन का छत पुराना होने के कारण बारिश होते ही टपकने लगता है। जरूरी अभिलेख खराब न होने पाएं इसके लिए कर्मचारी उन्हें बचाने में जुट जाते हैं। इसके लिए वे बोरा, पन्नी से ढककर किसी तरह से अभिलेखों की सुरक्षा करते हैं। शनिवार को डाकखाने पर काम से आए क्षेत्र के रामसुमेर, संपत, जगलाल आदि ने बताया कि वह लोग तीन दिन से आ रहे हैं लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा है। यहां के कर्मचारी काम बंद कर जरूरी कागजात और कंप्यूटर बचाने में लगे हैं। बारिश के चलते बिजली कटी है। डाककर्मी अंधेरे में बैठे हुए हैं, जिसके कारण हम लोगों का काम नहीं हो पा रहा है। इस बारे में उप डाकपाल मुकेश यादव ने बताया कि भवन जर्जर होने के कारण बहुत समस्या आ गई है। बारिश में छत का पानी अंदर आ जा रहा है। सभी लोग जरूरी कागजातों को बचाने में जुटे हैं। यह डर भी लगा रहता है कि कहीं भवन ही न गिर जाए। इस बारे में अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। बारिश के चलते बिजली भी नहीं है, जिसके चलते लोगों का काम नहीं हो पा रहा है।

chat bot
आपका साथी