आमी नदी से विवाहिता का शव बरामद

पत्नी को लाने के लिए 21 सितंबर की रात ससुराल में पहुंचा था पति

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 11:26 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 11:26 PM (IST)
आमी नदी से विवाहिता का शव बरामद
आमी नदी से विवाहिता का शव बरामद

संतकबीर नगर: महुली पुलिस ने कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र क्षेत्र के मगहर के पटना पुल के निकट आमी नदी से विवाहिता का शव शुक्रवार को बरामद किया। विवाहिता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति, ससुर व सास के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, शव को छिपाने, दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार को जेल भेज दिया जाएगा।

महुली थानाक्षेत्र के लोइयाभार निवासी आनंद यादव पुत्र सुरेश चंद्र ने अपनी 26 वर्षीय बहन रिकी की शादी करीब एक साल पूर्व कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र के चौरी गांव निवासी 28 वर्षीय राजेंद्र यादव पुत्र राजदेव के साथ की थी। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग रिकी से की जाती रही। इसकी वजह से ससुराल के लोग उसे अक्सर प्रताड़ित करते थे। यह बात रिकी ने मायके वालों को बताई। कुछ दिनों से रिकी मायके में रह-रही थी। राजेंद्र 21 सितंबर को रात के करीब आठ बजे लोइयाभार गांव स्थित अपने ससुराल में पहुंचा। उसी समय पत्नी रिकी को ससुराल ले जाने की बात कहा। रिकी के परिवार के सदस्य रात होने की बात कहे। इस पर राजेंद्र जिद पर अड़ गया। पत्नी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर आ गया। देर रात मायके वाले मोबाइल से इनके सकुशल घर पहुंचने जानकारी लेना चाहे तो रिकी व इनके पति राजेंद्र का फोन स्विच आफ बताने लगा। 22 सितंबर को रिकी के भाई आनंद चौरी गांव में पहुंचे। बहन रिकी ससुराल में नहीं मिली। इस पर वह इधर-उधर बहन की खोजबीन में जुट गया। एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। एसपी ने महुली थानाध्यक्ष को जांच के निर्देश दिए। जब पुलिस पति राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ शुरू की तो वह टूट गया। उसकी निशानदेही पर कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र क्षेत्र के मगहर के पटना पुल के आमी नदी से रिकी का शव पुलिस ने शुक्रवार को बरामद किया। इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई आनंद यादव की तहरीर पर पुलिस ने पति राजेंद्र यादव,ससुर राजदेव यादव तथा सास के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, शव को छिपाने, दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष महुली रणविजय सिंह ने बताया कि मृतक महिला के पति राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे शनिवार को जेल भेज दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी