एक नहीं कई गलतियां बनी बखिरा पुलिस के गले की फांस

मौत के बाद शव छोड़कर भाग निकले पुलिसकर्मी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 11:18 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 11:18 PM (IST)
एक नहीं कई गलतियां बनी बखिरा पुलिस के गले की फांस
एक नहीं कई गलतियां बनी बखिरा पुलिस के गले की फांस

संतकबीर नगर : बखिरा थानाक्षेत्र के ग्राम शिवबखरी निवासी बहरैची को बखिरा पुलिस ने तीन दिन से थाने के हवालात में रखा था। जबकि 24 घंटे से अधिक किसी को भी थाने पर नहीं रखा जा सकता है। बखिरा पुलिस ने एक नहीं बल्कि कई स्तर पर गैर कानूनी कार्य किया।

लोग सवाल उठा रहे हैं कि बहरैची ने यदि कोई बड़ा अपराध किया था तो उसे थाने लाने के बाद अगले दिन न्यायालय में पेश किया जाना चाहिए था। वह घर से स्वस्थ हालत में थाने लाए गए तो फिर तीन दिनों में ऐसा क्या हुआ कि हालत खराब हो गई। और भी अहम बात है कि पुलिस की अभिरक्षा में तबियत खराब होने के बाद पुलिस कर्मी ही उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले आए होंगे। इसके बाद भी बहरैची का शव लावारिस हालत में जिला अस्पताल पर मिला। उनके शव को लेने के लिए कोई पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद नहीं रहे। मृतक के स्वजन तो थाने से उन्हें मुक्त करवाने के लिए दौड़ लगा रहे थे, उन्हें यह पता ही नहीं चला कि अब बहरैची इस दुनियां को छोड़कर बाहर जा चुके हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि पुलिस कर्मियों द्वारा मृत अवस्था में उन्हें अस्पताल लाया गया था। एक के बाद एक करके कई गलतियां ही बखिरा पुलिस के गले की फांस बनी। इसी को लेकर थानेदार मनोज कुमार सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। बहरैची की मौत पर राजनीतिक दल सक्रिय

संतकबीर नगर : बखिरा पुलिस की अभिरक्षा में बहरैची की मौत का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। इसे लेकर सपा-बसपा-कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल सक्रिय हो गए हैं। सभी ने थानेदार को तत्काल गिरफ्तार करके जेल भेजने की मांग की।

बुधवार को बहरैची के स्वजन ने पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर बवाल करते हुए पुलिस पर पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया। पुलिस की इस कार्यप्रणाली के खिलाफ राजनैतिक दल सक्रिय हो गए। मामले को लेकर सपा नेता जयराम पांडेय व सुनील सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस निरंकुश हो चुकी है। बखिरा पुलिस ने बहरैची को सुलह के लिए मना करने पर पीट-पीटकर मार डाला। यह प्रदेश में भाजपा सरकार की कार्यशैली का प्रमाण है नेताद्वय ने बखिरा थानाध्यक्ष पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की एसपी से मांग की। सपा नेता नित्यानंद यादव ने कहा कि मामले को लेकर आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रदेश की पुलिस भाजपा के गुंडों जैसा काम कर रही है। बसपा नेता कुलदीप मणि मिश्र ने कहा कि भाजपा के इशारे पर पुलिस गुंडों की तरह कार्य कर रही है,यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए घातक है। उन्होंने मामले को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। रालोद नेता गंगा सिंह सैंथवार ने पुलिस अभिरक्षा में बहरैची की मौत को पुलिस की बर्बरता का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने कर्तव्यों से भटककर भाजपा के प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय ने मामले को जघन्य बताते हुए थानेदार पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। राजनैतिक दलों की प्रतिक्रिया अलग बात है इस दौर में एक बात तो सच है कि एक ही दिन में दो बार खाकी पर दो बार गहरे दाग लगे हैं।

chat bot
आपका साथी