संतकबीर नगर में पांच दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति ठप

संतकबीर नगर शहर में पांच दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति ठप होने से हाहाकार मच गया है। सैकड़ों उपभोक्ता प्रतिदिन गैस एजेंसी व गोदाम का चक्कर लगा रहे हैं और निराश लौट रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 11:26 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 11:26 PM (IST)
संतकबीर नगर में पांच दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति ठप
संतकबीर नगर में पांच दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति ठप

संतकबीर नगर: शहर में पांच दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति ठप होने से हाहाकार मच गया है। सैकड़ों उपभोक्ता प्रतिदिन गैस एजेंसी व गोदाम का चक्कर लगा रहे हैं और निराश लौट रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है।

शहर में स्थित खलीलाबाद गैस सर्विस से 41320 उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें से अधिकांश के घर रसोई गैस खत्म हो गई है। गैस के लिए तमाम उपभोक्ता पांच दिनों से एजेंसी के कार्यालय व गोदाम का चक्कर लगाते हैं और गैस न मिलने पर निराश होकर घर लौट जाते हैं। एजेंसी के कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी ने गैस की आपूर्ति बंद कर दी है। अब जब तेल कंपनी गैस नहीं देंगी तो हम कहां से आपकी मांग पूरी करेंगे। कर्मचारियों ने गैस की आपूर्ति ठप होने का कारण जीएसटी का भुगतान न होना बताया। कहा कि एक-दो दिन में जीएसटी का मामला सुलझ जाएगा और आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।

उपभोक्ताओं ने कहा कि खलीलाबाद गैस सर्विस में पांच दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो रही तो ब्लैक में गैस कहां से मिल रही है?

भुजैनी के कृष्ण मोहन तिवारी ने कहा कि रसोई गैस के लिए पांच दिनों से एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं। गैस न मिलने से दोनों वक्त भोजन मिलने का संकट उत्पन्न हो गया है।

बंजरिया पूर्वी निवासी व उपभोक्ता प्रदीप शर्मा ने कहा कि शुक्रवार को सुबह रसोई गैस खत्म हो गई। इससे दोपहर का भोजन नहीं मिला। रसोई गैस न मिलने से ब्रेड-बिस्किट खाकर दिन व्यतीत किया। लगता है कि रात भी ब्रेड खाकर ही बिताना पड़ेगा।

छोटी पटखौली गांव के केशव ने कहा कि पांच दिन से गैस के लिए एजेंसी का चक्कर काट रहे हैं। शहर और देहात में कहीं केरोसिन नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से उनके यहां पांच दिन से लकड़ी पर चाय व भोजन बनाया जा रहा है। इससे काफी दिक्कत हो रही है।

गोला बाजार निवासी रामबुझारत ने कहा कि रसोई गैस खत्म होने से ठंड के मौसम में दिक्कत बढ़ गई है। प्रशासन को जनहित में तत्काल रसोई गैस की आपूर्ति शुरु करानी चाहिए। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि जीएसटी न भरने की वजह से कंपनी ने इस एजेंसी को रसोई गैस की आपूर्ति रोक दी है। दो दिन के भीतर आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। उपभोक्ताओं की समस्या जल्द दूर हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी