वीआइपी वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

टीचर्स कालोनी में खतरे को दावत दे रहे टूटे बिजली के पोल

By JagranEdited By: Publish:Thu, 08 Jul 2021 05:13 PM (IST) Updated:Thu, 08 Jul 2021 05:13 PM (IST)
वीआइपी वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव
वीआइपी वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

संतकबीर नगर : नगरपालिका खलीलाबाद का वार्ड नंबर 14 बंजरिया पश्चिम कहने को वीआइपी जगह है। लेकिन यहां बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। बारिश के इस मौसम में यहां के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। वार्ड की अधिकतर सड़कें टूटकर बिखर चुकी हैं। जलनिकासी की सुविधा नदारद है। बिजली की पोल व लटकते तारों से नागरिकों की जान जोखिम में है। जर्जर तारों के सहारे यहां बिजली आपूर्ति हो रही है। वार्ड की करीब साढ़े तीन हजार की आबादी समस्याओं से जूझ रही है।

वार्ड में डायट कार्यालय के पीछे स्थित टीचर्स कालोनी और बंजरिया मुख्य मार्ग पर हर समय लोगों का आवागमन रहता है। यहां सड़क के किनारे जमीन पर बिजली का कटा केबल तार पड़ा है। मार्ग पर लटकते तार, बिना सुरक्षा के रखे गए ट्रांसफार्मर से हर समय खतरा बना रहता है। नेदुला बाईपास से डायट कार्यालय जाने वाली सड़क बदहाल है। यहां टूटी नाली से गंदा पानी सड़क पर उफनाता रहता है। सड़क पर कुछ ही ऊंचाई पर नंगे बिजली के तार लटकने से खतरे की आशंका बनी है। टैक्सी स्टैंड से डाकघर को जाने वाली सड़क भी बदहाल है। मदरसा के सामने नाली जाम है। यूनियन चर्च के सामने सड़क पिच नहीं कराई गई। वार्ड में जो इंडिया मार्का हैंडपंप हैं वह सब खराब हो चुके हैं। यहां के लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल रहा। सार्वजनिक टोटी, सुलभ शौचालय, पार्क, कूड़ा पात्र जैसी सुविधाओं का वार्ड में अभाव बना हुआ है। बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति

वार्ड के टीचर्स कालोनी में बांस-बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति हो रही है। सड़क से महज तीन फीट ऊपर से बिजली का तार गुजर रहा है। तमाम घरों के पास हाईटेंशन तार है। शिकायत के बाद भी इसे नहीं हटाया जा सका। पिछले दो वर्षों में वार्ड में तीन लोग करंट से मर चुके हैं।

शानू उपाध्याय तारों के बोझ से लटका बिजली का पोल

अचकपुरवा जाने वाली सड़क पर तार के बोझ से पोल लटक कर गिरने की कगार पर है। यह समस्या पिछले छह माह से है। वाहनों के आने-जाने पर समस्या होती है। कभी भी पोल गिर सकता है। जानकारी देने के बाद भी विभाग और नगरपालिका के जिम्मेदार चुप हैं। इसे लेकर कई बार पत्रक भी दिया जा चुका है।

दिनेश कुमार सिंह, सड़क पर फैलता है गंदा पानी

टीचर्स कालोनी में नालियां छोटी होने से आए दिन जलनिकासी बाधित होती रहती है। ऐसे में सड़क पर गंदा पानी पसरता रहता है। जो नाली बनी भी है वह पतली बनी है, जिसके चलते घरों का पानी ठीक से नहीं निकल पा रहा। पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। बारिश के इस मौसम में अब गंदे पानी से ही होकर सबको गुजरना पड़ेगा।

ऋषिकेश

यहां सफाई व्यवस्था रामभरोसे

वार्ड में सफाई की व्यवस्था भी रामभरोसे है। बाईपास के किनारे सड़क ऊंची होने से जलनिकासी की समस्या है। कभी-कभार नाली साफ होती है तो उसका कचरा सड़क पर ही छोड़ दिया जाता है। इतना ही नहीं घरों से निकलने वाले कचरे के निस्तारण की भी कोई व्यवस्था नहीं है। टीचर्स कालोनी व मदरसा के पास कूड़ा पात्र न होने से समस्या है।

विजय कुमार बोर्ड में दिया प्रस्ताव, मिला आश्वासन

मैं न्यायालय के आदेश पर डेढ़ वर्ष बाद सभासद बना। अपने कार्यकाल में साफ-सफाई को बेहतर किया। इसमें कर्मियों व नागरिकों का पूरा सहयोग मिल रहा है। सौ मीटर सड़क की इंटरलाकिग कराई गई है। जर्जर तारों व लटके पोल को बदलने के लिए कई बार मौखिक व लिखित रूप से जिम्मेदारों को अवगत कराया हूं। सड़क, नाली, बिजली के तार ठीक कराने के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव दिया हूं। आश्वासन मिला लेकिन अभी तक प्रस्ताव पर कार्य पूरा नहीं कराया जा सका है।

पंकज कुमार मिश्र, सभासद, बंजरिया पश्चिमी वार्ड प्राथमिकता के आधार पर पूरे शहर में विकास कार्य कराएं जा रहे हैं। बंजरिया पश्चिमी वार्ड में कुछ समस्या है। बारिश के इस मौसम में जलनिकासी की व्यवस्था करवाई जा रही है। टूटी सड़कों के लिए प्रस्ताव बना है। बिजली के पोल और तार के लिए भी जिम्मेदारों से बात की गई है। जल्द ही वार्ड की समस्या शीघ्र दूर होगी।

बीना सिंह, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका

chat bot
आपका साथी