मनरेगा की जमीनी हकीकत देखेंगे संयुक्त आयुक्त

खराब प्रगति पर अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 07 Oct 2021 12:19 AM (IST) Updated:Thu, 07 Oct 2021 12:19 AM (IST)
मनरेगा की जमीनी हकीकत देखेंगे संयुक्त आयुक्त
मनरेगा की जमीनी हकीकत देखेंगे संयुक्त आयुक्त

संतकबीर नगर: प्रदेश सरकार के संयुक्त आयुक्त-मनरेगा धर्मेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार को जिले में आएंगे। वह मनरेगा में खराब प्रगति वाले कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वह किसी गांव में जाकर मनरेगा के कार्यों का सच भी जानेंगे। खराब प्रगति पर अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। बहरहाल इनके आगमन की तैयारियां चल रही हैं। जनपद के अधिकारियों व कर्मचारियों में इनके आगमन को लेकर खलबली मच गई है।

संयुक्त आयुक्त आठ अक्टूबर को सुबह 10 बजे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें वह जनपद के सभी बीडीओ के साथ मनरेगा में खराब प्रगति वाले कार्यों की समीक्षा कर सकते हैं। वह किसी गांव में मनरेगा के 10 से 12 परियोजनाओं की जांच कर सकते हैं। जिले में विशेषकर सेमरियावां व सांथा ब्लाक में मनरेगा मजदूरों व कार्यदायी संस्था को भुगतान करने की प्रगति काफी खराब है। जबकि अधिकतम आठ दिन में भुगतान करने का नियम है। इसके अलावा जाब कार्डधारकों को समय से मनरेगा से काम दिलाने में भी तमाम ग्राम पंचायतें विफल हैं। 100 दिन काम देने में पौली और सेमरियावां ब्लाक फिसड्डी हैं। पौली में तीन और सेमरियावां ब्लाक में सिर्फ आठ जाब कार्डधारक मजदूरों को 100 दिन काम मिला है। प्रभारी सीडीओ डीडी शुक्ल

ने बताया कि संयुक्त आयुक्त मनरेगा आठ अक्टूबर को जिले में आएंगे। वह मनरेगा में खराब प्रगति वाले कार्यों की समीक्षा करेंगे। वह किसी गांव में जाकर मनरेगा के 10 से 12 प्रोजेक्टों की जांच कर सकते हैं। खराब प्रगति पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। जनपद के 140 ग्राम पंचायतों में मनरेगा से नहीं हो रहे काम

ब्लाक : ग्रापं की संख्या: ग्रापं में हो रहे काम: ग्रापं में नहीं हो रहे काम

खलीलाबाद : 97: 65: 32

नाथनगर : 103:83:20

पौली : 56: 45: 11

बघौली : 81 :67: 14

मेंहदावल : 71: 65: 06

बेलहरकला : 66:42:24

सांथा : 81:71:10

हैंसर बाजार : 86:77:09

सेमरियावां : 113: 99:14

योग : 754 : 614: 140

डीआइओएस व डीपीआरओ के साथ विद्यालयों के कायाकल्प पर करेंगे विमर्श

संतकबीर नगर: प्रभारी सीडीओ डीडी शुक्ल गुरुवार को शाम के पांच बजे विकास भवन स्थित कार्यालय में डीआइओएस गिरीश कुमार सिंह व प्रभारी डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद के साथ बैठक करेंगे। प्रभारी सीडीओ इन अधिकारियों के साथ कायाकल्प योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श करेंगे।

डीएम दिव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को बैठक की थी। समीक्षा बैठक में स्कूलों में इंडिया मार्क हैंडपंप, सामान्य बच्चों व दिव्यांग बच्चों के शौचालयों के निर्माण की प्रगति की काफी खराब मिली थी। प्रगति के आंकड़ों की गलत फीडिग मिलने पर डीएम नाराज हुई थी। उन्होंने डीआइओएस गिरीश कुमार सिंह को ग्राम पंचायत व ब्लाक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करके इसको जल्द सही कराने को कहा था। प्रभारी सीडीओ डीडी शुक्ल ने कहा कि दोनों अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ समय से बैठक में भाग लेने को कहा गया है।

chat bot
आपका साथी