गैरहाजिर मिले कर्मचारी,कार्यालयों में खाली रहीं कुर्सियां

10 बजे तक तो कार्यालय ही नहीं खुलता। कर्मचारी देर से आते हैं और जल्दी निकल जाते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 11:06 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 11:06 PM (IST)
गैरहाजिर मिले कर्मचारी,कार्यालयों में खाली रहीं कुर्सियां
गैरहाजिर मिले कर्मचारी,कार्यालयों में खाली रहीं कुर्सियां

संतकबीर नगर : सरकार का फरमान है कि कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें और लोगों की समस्याओं को सुनें। लेकिन पौली ब्लाक में ऐसा नहीं हो रहा है। यहां 10 बजे तक तो कार्यालय ही नहीं खुलता। कर्मचारी देर से आते हैं और जल्दी निकल जाते हैं। फरियादी सुबह से आकर अधिकारियों और कर्मचारियों का इंतजार करते हैं। मंगलवार को जागरण संवाददाता पौली ब्लाक मुख्यालय पहुंचे तो यहां जिम्मेदारों की पोल खुली।

समय : सुबह के 10 बजे तक मुख्य गेट को छोड़कर कर्मचारियों और अधिकारियों के कार्यालय बंद थे। कुछ लोग समस्या लेकर आए थे, लेकिन तब तक कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा था। समय 10:45 बजे खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में पहुंचने पर पता चला कि कार्यालय का ताला खुला है। लेकिन इस समय तक बीडीओ विजय कुमार पांडेय उपस्थित नहीं थे।

समय 10:50 बजे : सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कार्यालय पहुंचने पर कार्यालय का ताला खुला मिला। इस दौरान वहां पर कुछ सफाई कर्मी ही मौजूद मिले। मौके पर अधिकारी (पंचायत) गजानन पाल उपस्थित नहीं थे। कार्यालय के आसपास कुछ फरियादी भी टहल रहे थे।

समय 11:05 बजे ब्लाक के अन्य कर्मियों के काउंटर पर पहुंचने पर केवल वरिष्ठ लिपिक अनिल सिंह मौजूद मिले। जबकि काउंटर की अन्य कुर्सियां खाली रहीं। पूछने पर बताया गया कि अभी तक कोई नहीं पहुंचा है। ब्लाक पर काम कराने पहुंचे क्षेत्र के सुरेंद्र चौधरी, रत्नेश कुमार, अभिषेक सिंह, रुदल यादव, इमामुद्दीन अहमद, सब्बीर खान आदि ने बताया कि वह लोग सुबह से यहां हैं, लेकिन अभी तक कोई नहीं आया है। ऐसा यहां अक्सर होता है। कर्मचारी और अधिकारी देर से आते हैं और जल्दी ही निकल जाते हैं। ब्लाक पर कोई जिम्मेदार रात्रि विश्राम नहीं करता है।

समय 11:10 बजे मनरेगा सेल में पहुंचने पर लिपिक आलोक कुमार और एपीओ अनंत कुमार काउंटर पर काम करते हुए पाए गए। यहां मौजूद लोगों ने बताया कि यह लोग भी कुछ मिनट पहले ही कार्यालय पहुंचे हैं।

समय 11:15 बजे : बाल विकास योजनाओं को गति प्रदान करने के लिए ब्लाक परिसर के अंदर ही सीडीपीओ कार्यालय बनाया गया है। इस समय तक कार्यालय के बाबू मौजूद मिले। जब की सीडीपीओ मौके से नदारद रहीं।

समय 11:15 बजे : ब्लाक परिसर के अंदर ही पशु चिकित्सा विभाग का कार्यालय भी है। इस समय तक पशु चिकित्सक मौके से नदारद थे। हालांकि फार्मासिस्ट अमित कुमार सिंह मौजूद मिले। यहां पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारी 12 बजे के पहले नहीं आते।

सीडीओ अतुल मिश्र ने बताया कि

ब्लाक में कर्मचारी समय से नहीं पहुंच रहे हैं तो यह ठीक नहीं है। वह इसकी जांच करेंगे। यदि ऐसा है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वह अब ब्लाकों का निरीक्षण करके वस्तुस्थिति से अवगत होंगे।

chat bot
आपका साथी