सरयू नदी में कटान तेज, एमबीडी बंधे को खतरा
संतकबीर नगर धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी तेजी से कटान कर रही है। ड्रैनेज खंड के क
संतकबीर नगर: धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी तेजी से कटान कर रही है। ड्रैनेज खंड के कर्मी कटान पर रोक लगाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं लेकिन सफलता नहीं मिल रही है। यह नदी तुर्कवलिया गांव के पास एमबीडी बंधे के पास पहुंच पहुंच गई। इससे आसपास के गांवों के लोगों में भय बना हुआ है।
धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बीते शनिवार को 78.600 मीटर था। वहीं रविवार को यह घटकर 78.500 मीटर पर आ गया। घटते जलस्तर के कारण यह नदी तेजी से कटान कर रही है। यह नदी कटान करते हुए तुर्कवलिया गांव के पास स्थित एमबीडी बंधे के करीब पहुंच गई है। इस बंधे को बचाने के लिए लगाए गए बोल्डर नदी की धारा में समाने लगे हैं। इसकी वजह से आसपास के गांव के लोगों होश उड़ गए है। हालांकि ड्रैनेज खंड के कर्मी कटान को रोकने के लिए मिट्टी भरी बोरी डाल रहे हैं। कर्मियों का यह प्रयास नाकाम साबित हो रहा है। तुर्कवलिया गांव के केशव राजभर, वीरेंद्र यादव ,बाबूलाल निषाद, हरिराम, घरभरन,चतुरी, योगेंद्र आदि लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारी बंधे को बचाने के नाम पर सरकारी धन का दुरूपयोग कर रहे हैं। इसी तरह से वर्ष 2013 में विभाग की लापरवाही के चलते 1600 मीटर बंधा नदी की धारा में समा गया था। सात पुरवे के लोग घर से बेघर हो गए थे। तीन सौ लोगों को बंधे पर शरण लेना पड़ा था। इनको बाद में रमजंगला व चपरा गांव में बसाया गया। यही हाल इस साल की भी है। 25 दिन के अंदर सरयू नदी लगभग 500 मीटर कटान करते हुए बंधे के पास पहुंच गई है। बंधा और नदी के बीच की दूरी मात्र तीन मीटर रह गई है। यदि इसी तरह से नदी की कटान जारी रही बंधे पर संकट आ जाएगा। ड्रैनेज खंड के सहायक अभियंता सतीश चंद्र ने बताया कि बंधे की सुरक्षा के लिए विभाग के अवर अभियंता मनोज कुमार, आरिफ अंसारी,तेज बहादुर सिंह आदि अधिकारी कर्मचारियों के साथ लगे हुए हैं। कटान को रोकने के लिए काम किया जा रहा है।
धनघटा तहसील के तुर्कवलिया गांव के पास हो रहे कटान का एसडीएम योगेश्वर सिंह, सीओ रामप्रकाश, तहसीलदार रत्नेश तिवारी ने रविवार को जायजा लिया। एसडीएम ने कहा कि एमबीडी बंधे पर किसी तरह की आंच नहीं आनी चाहिए। इस बंधे को बचाने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। कटान स्थल पर सपाई भी पहुंचे
धनघटा तहसील के तुर्कवलिया गांव के पास हो रही सरयू नदी की कटान का सपाइयों ने रविवार को जायजा लिया। ड्रैनेज खंड के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि बंधा कटा और जनता तबाह हुई तो सपा कार्यकर्ता वृहद आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। सड़क से सदन तक आंदोलन कर सकते हैं। इस मौके पर सपा के जिला उपाध्यक्ष केडी यादव, नाथनगर के पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवनाथ यादव ,केशव राजभर, राजेंद्र राय, राम सजीवन कसौधान, रविकांत, छोटेलाल प्रजापति, रामसिंह यादव, बाबूलाल यादव, चंद्रिका यादव, कृष्णचंद्र यादव आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।