संत कबीर नगर के परिषदीय विद्यालयों के 84 हैंडपंप बेपानी
संतकबीर नगर जल संरक्षण के लिए ठोस पहल न किए जाने से पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ परिषदीय विद्यालयों के 84 इंडिया मार्क हैंडपंप बेपानी हैं जबकि कई बार चलाने पर 125 इंडिया मार्क हैंडपंपों से थोड़ा सा पानी निकलता है।
संतकबीर नगर : जल संरक्षण के लिए ठोस पहल न किए जाने से पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ परिषदीय विद्यालयों के 84 इंडिया मार्क हैंडपंप बेपानी हैं, जबकि कई बार चलाने पर 125 इंडिया मार्क हैंडपंपों से थोड़ा सा पानी निकलता है। भूगर्भ जल के स्तर में गिरावट से घर, विद्यालयों, प्रतिष्ठानों में यह समस्या बनी हुई है।
हर साल भूगर्भ जल सप्ताह मनाया जाता है। स्कूलों, कालेजों में जल संरक्षण के लिए बच्चों को शपथ दिलायी जाती है। इन सबके बीच पानी की दिक्कत बनी हुई है। जनपद के 1247 प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में 1680 इंडिया मार्क हैंडपंप लगे हैं। इसमें से हरदी, झुगियां, अमरडोभा, बखिरा, धनघटा, जिगिना, पारा, पटखौली, मुठहीकला, शनिचरा बाजार, पारा, संठी, बैरहा, जिगिना, हैंसर स्थित परिषदीय विद्यालय समेत 84 जगहों में हैंडपंप बेपानी हो चुके हैं। कई बार चलाने पर 125 इंडिया मार्क हैंडपंप से थोड़ा सा पानी निकलता है। यह तो आंकड़ा हैं, ऐसे हैंडपंपों की संख्या इससे अधिक है। प्रधानाध्यापकों ने इसके लिए कई बार विभाग को प्रार्थना भेजा, लेकिन इसे ठीक नहीं कराया जा सका है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि खराब हैंडपंपों को ठीक कराने के लिए पंचायतीराज विभाग को पत्र भेजा गया है।
--------
बच्चे छह सौ, हैंडपंप एक, वह भी खराब
पूर्व माध्यमिक विद्यालय खलीलाबाद के परिसर में दो प्राथमिक व एक जूनियर विद्यालय चल रहे हैं। करीब छह सौ बच्चों का नामांकन हुआ है। यहां बेपानी हो चुके दो इंडिया मार्क हैंडपंपों को करीब एक साल पूर्व हटा दिया गया था। वर्तमान में सिर्फ एक इंडिया मार्क हैंडपंप है। कई बार चलाने पर इसमें से थोड़ा पानी निकलता है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालयों में हैंडपंप के साथ ही टोटी के पानी की भी व्यवस्था की गई है। जिन हैंडपंपों से पानी नहीं निकल रहा है या खराब है, उसे ठीक कराने के लिए पंचायतीराज विभाग को पत्र भेजा गया है।