जलनिकासी के इंतजाम नहीं, सड़कों पर पसरा पानी

संतकबीर नगर नगर पालिका खलीलाबाद के बंजरिया पूर्वी वार्ड की पांच हजार से अधिक आबादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है। जलनिकासी के इंतजाम नहीं होने से जहां सड़कों पर पानी पसरा रहता है ।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 11:28 PM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 11:28 PM (IST)
जलनिकासी के इंतजाम नहीं, सड़कों पर पसरा पानी
जलनिकासी के इंतजाम नहीं, सड़कों पर पसरा पानी

संतकबीर नगर : नगर पालिका खलीलाबाद के बंजरिया पूर्वी वार्ड की पांच हजार से अधिक आबादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है। जलनिकासी के इंतजाम नहीं होने से जहां सड़कों पर पानी पसरा रहता है वहीं पेयजल का भी संकट है। सड़कें टूटी हैं तो जगह-जगह गंदगी का अंबार है। बिजली के लटकते तार खतरा बने हुए हैं।

शिकायत के बाद भी समस्या दूर नहीं हो पाई है। बंजरिया-नेद़ला मार्ग पर दोनों तरफ नालियां टूटी हैं। मस्जिद के पीछे सड़क बदहाल है, नालियों का गंदा पानी सड़क पर पसरा रहता है। काली मंदिर व कब्रिस्तान के पास सड़क टूट चुकी है। यहां बिजली का पोल खतरा बना हुआ है। रामदरश के मकान से चंद्रिका के घर तक बिजली का जर्जर तार न बदलने से खतरा बढ़ गया है। पूरे वार्ड में महज एक इंडिया मार्क हैंडपंप है। मीट मंडी मार्ग से आने वाली सड़क पर नालियों का गंदा पानी भरा है।

नागरिक इरफान अहमद ने कहा कि बंजरिया मार्ग से मोहल्ले में जाने वाली सड़क पर पुलिया के पास अक्सर पानी लगता रहता है। यहां कूड़ापात्र गंदगी से पटा है।

वाहिद खान ने बताया कि मोहल्ले में नालियां जाम हैं। यहां पोखरा गंदगी से पटा है। मोहल्ले की गंदगी सड़क पर पसरी रहती है। शिकायत के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता।

दिलशाद सिद्दीकी ने कहा कि मस्जिद के चारो तरफ सड़क टूटी है। 10 वर्ष से अधिक समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा सकी। अब तो लोगों के घरों का पानी नाली नहीं सड़क पर ही बहता है।

शाहिदा खातून ने कहा कि पूरे मोहल्ले में एक भी सार्वजनिक शौचालय व मूत्रालय नहीं है। गलियों में गंदगी बढ़ रही है। सभासद से कहने के बाद भी सफाई नहीं होती।

इसरार अली ने कहा कि तैयबा मस्जिद के पीछे सड़क पर गंदा पानी बहता रहता है। नाली में पानी की जगह गोबर व कचरा आने से जलनिकासी नहीं हो पाती और गंदगी फैलती रहती है।

बंजरिया पूर्वी वार्ड संख्या 19 की सभासद सुनीता यादव का कहना है कि वार्ड में साफ-सफाई, सड़क, नाली आदि का कार्य कराया गया। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से कार्य हुआ है। सड़क, नाली व पेयजल आदि समस्याओं को दूर करने के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव दिया है। करीब नौ करोड़ रुपये के कार्य के लिए आश्वासन मिला है। नागरिकों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें दूर कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी