पेंशन की मांग को लेकर सड़क पर उतरे कर्मचारी व शिक्षक

खलीलाबाद जूनियर हाई स्कूल से कलेक्ट्रेट परिसर तक किया पैदल मार्च

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 11:08 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 11:08 PM (IST)
पेंशन की मांग को लेकर सड़क पर उतरे कर्मचारी व शिक्षक
पेंशन की मांग को लेकर सड़क पर उतरे कर्मचारी व शिक्षक

संतकबीर नगर: पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग को लेकर शुक्रवार को कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति व अटेवा पेंशन बचाओ मंच के तत्वावधान में पैदल मार्च हुआ। सड़कों पर बड़ी संख्या में कर्मचारी उतरे और अपना हक लेकर रहने की हुंकार भरी। सभी ने पेंशन को बुढ़ापे की लाठी बताते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।

दिन में लगभग एक बजे बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षक जूनियर हाई स्कूल परिसर में एकत्र हुए। यहां से पेंशन हमारा अधिकार है, बहाल करो, बहाल करो। बुढ़ापे की लाठी मत छीनो, न्याय करो, न्याय करो आदि नारे लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में शिक्षक व कर्मचारी पैदल मार्च के लिए निकले। बैंक तिराहा, गोला बाजार, नेहरू चौक होकर मेंहदावल बाईपास से होकर पैदल मार्च करते हुए सभी कलेक्ट्रेट के सामने पहुंचे। अटेवा के जिला संयोजक दिनेश कुमार चौहान ने कहा कि पेंशन को लेकर शिक्षक व कर्मचारी आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। युवा अवस्था से लेकर बुढ़ापे तक सेवा देने के बाद अब सरकारी कर्मियों के लिए रोटी का कोई इंतजाम नहीं रह गया है। नई पेंशन नीति में कर्मियों का हित सुरक्षित नहीं है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के साथ उन्होंने डीएम दिव्या मित्तल को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। जल्द ही पेंशन बहाल नहीं किए जाने पर 21 नवंबर को लखनऊ के ईको गार्डेन में विशाल शंखनाद रैली आयोजित करने की भी बात कही। इस मौके पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष नवीन कुमार त्रिपाठी, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजय द्विवेदी, हरिकिशोर सिंह, सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष परमहंस गौतम, संजय शर्मा,अमरेश चौधरी, प्रेम प्रकाश दूबे, लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष कर्मराज चौरसिया, जितेंद्र, नित्यानंद त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी