घर-घर जाकर नये वोटरों की सूची बनाएं बीएलओ
संतकबीर नगर मंडलायुक्त व आयोग से नामित रोल प्रेक्षक अनिल कुमार सागर शुक्रवार को बूथों व कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कहा कि वीएलओ घर-घर जाकर नए वोटरों की सूच ी बनाएं।
संतकबीर नगर: मंडलायुक्त व आयोग से नामित रोल प्रेक्षक अनिल कुमार सागर शुक्रवार को बूथों की जांच की। कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कहा कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर नए वोटरों की सूची बनाएं।
हीरालाल रामनिवास इंटर कालेज-खलीलाबाद में बने बूथ के निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने आपदा बाबू शिवजी आयुध लिपिक योगेश चौधरी से फाइलों के बारे में पूछताछ की। लेखागार, राजस्व अभिलेखागार व एडीएम कोर्ट का निरीक्षण किए। भू-लेख विभाग में सहायक द्वारा बस्ता सूची न बनाने और जरूरी फाइलों का रखरखाव ठीक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने एडीएम संजय कुमार पाण्डेय से कहा कि वह समय-समय पर कार्यालयों का निरीक्षण करते रहें और फाइलों का सही रख-रखाव कराएं। इसमें लापरवाही अक्षम्य होगी।
मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में 1420 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 1420 बीएलओ व 120 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। चार विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गयी हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ घर-घर जाकर 18 साल आयु पूर्ण करने वाले की सूची, मृतक या स्थानीय स्थान पर निवास न करने वाले, दिव्यांग मतदाता तथा मतदाता सूची में किन्हीं कारणों से हुई गलतियों को चिह्नित करें। जनपद स्तरीय अधिकारी बूथ लेवल पर निरीक्षण कर बीएलओ के कार्यो की समीक्षा करें। बैठक में डीएम दिव्या मित्तल, एसपी डा. कौस्तुभ, मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल, भाजपा के जिलाध्यक्ष बद्री यादव के अलावा अन्य लोग मौजूद रहे।