प्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार : लल्लू

गोरखपुर में 31 अक्टूबर को प्रियंका गांधी की रैली को ऐतिहासिक बनाने में लगे हैं कांग्रेसी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 11:10 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 11:10 PM (IST)
प्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार : लल्लू
प्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार : लल्लू

संतकबीर नगर : कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। यहां कानून नहीं पुलिस का राज कायम है। भाजपा, सपा और बसपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। यह सभी जनता को गुमराह कर रही हैं। प्रदेश की जनता अब सब कुछ जान चुकी है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अराजकता से टूटी जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। 31 अक्टूबर को गोरखपुर में प्रियंका गांधी की रैली ऐतिहासिक होगी।

प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को शहर के एक होटल में गोरखपुर और बस्ती मंडल के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। यह बैठक प्रियंका की रैली को लेकर थी, जिसमें प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि रैली की तैयारी को लेकर कार्यकर्ता ब्लाक व न्याय पंचायत स्तर पर जुट जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर बैठक कर लोगों को रैली में पहुंचने के लिए प्रेरित करें। आज महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और सरकार सिर्फ धर्म और जाति की राजनीति में उलझी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। सरेआम लूट, हत्या, दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस आपराधिक आकड़ों को छुपाने के लिए फरियादियों को थाने से भगा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में आ चुकी है। प्रियंका गांधी के संघर्ष को देख रही है। बैठक में संतकबीर नगर के जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय ने बताया कि रैली में जिले से 11 हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके लिए गांव-गांव बैठक हो रही है। जनपद के सभी नौ ब्लाकों के अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी,विश्व विजय सिंह, आलोक प्रसाद, देवेंद्र निषाद, पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम, जय करण वर्मा, संतोष कटाई, राजेश त्रिपाठी, रामराज यादव, कौशल त्रिपाठी, देवेंद्र श्रीवास्तव, अंकुर वर्मा, काजी सुहैल, निर्मला पासवान, शरद सिंह, राजकुमार सिंह, सुनील पांडेय, शांति देवी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी