सहायक अध्यापक के दो पदों पर 35 ने दिया साक्षात्कार

तीन माध्यमिक संस्कृत विद्यालयों में नियुक्ति की चल रही प्रक्रिया

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Oct 2021 12:06 AM (IST) Updated:Sun, 10 Oct 2021 12:44 AM (IST)
सहायक अध्यापक के दो पदों पर 35 ने दिया साक्षात्कार
सहायक अध्यापक के दो पदों पर 35 ने दिया साक्षात्कार

संतकबीर नगर: जनपद के माध्यमिक संस्कृत विद्यालयों में रिक्त पदों पर तैनाती के लिए शनिवार को तीसरे दिन साक्षात्कार हुआ। एक विद्यालय में सहायक अध्यापक के रिक्त पड़े दो पदों के लिए आवेदन करने वाले 60 में से 35 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया। तीन दिनों में तीन विद्यालयों में रिक्त पांच पदों के लिए 177 अभ्यर्थियों में से 132 ने साक्षात्कार में उपस्थिति दर्ज कराई।

कांशीराम संस्कृत माध्यमिक विद्यालय विसौवा में रिक्त दो पदों पर चयन के लिए शनिवार को काउंसिलिग हुई। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय काशी से नामित सदस्य डा. त्रिपुरारी पाठक व डा. अभिषेक पांडेय के साथ छह सदस्यीय टीम ने बारी-बारी से साक्षात्कार लिया। इससे पूर्व शिक्षकों की टीम ने शैक्षिक प्रमाण पत्रों की विधिवत जांच करके वरीयता क्रम भी तैयार किया। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि कुल पांच सहायक अध्यापक पद पर चयन प्रक्रिया चल रही है। इसमें 177 ने आवेदन किया था। जल्द ही परिणाम की घोषणा की जाएगी। इस मौके पर निशा यादव, शरदेंदु कांत मणि त्रिपाठी, प्रधानाचार्य यूनुस अख्तर खां, मोहम्मद उमर सिद्दीकी, राजनारायण शुक्ल, नूरुद्दीन, रूबी सिंह, मनोज श्रीवास्तव, नकुल गौतम, दुर्गेश पांडेय, नकुल, जयप्रकाश, राधेश्याम आदि मौजूद रहे। शिक्षकों ने जाना स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने की तकनीकी

संतकबीर नगर: खलीलाबाद ब्लाक संसाधन केंद्र पर चल रहे चार दिवसीय कार्यशाला में शनिवार को दूसरे दिन का प्रशिक्षण हुआ। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में शिक्षकों को विद्यालयों में स्वास्थ्य दूत के चयन व उनको प्रशिक्षित करने की जानकारी दी गई। मुख्य प्रशिक्षक डा. रचना यादव ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। किशोर-किशोरियों में पोषण व आने वाली समस्या व उनके निराकरण के लिए उपाय सुझाया। प्राथमिक चिकित्सा से लेकर समय-समय स्वास्थ्य प्रशिक्षण कराने की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चयनित शिक्षकों से कहा कि विज्ञान व शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों में से ही हेल्थ वेलनेस एंबेसडर (स्वास्थ्य दूत) बनाया जाना है। अकादमिक रिसोर्स पर्सन चंद्रशेखर मिश्र ने गतिविधियों से संबंधित जानकारी दी। प्रशिक्षण में 38 शिक्षक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी