पॉश कालोनी पटेल नगर में गंदे नाले से जलभराव

कोविड-19 जैसी बीमारी के दौर में भी नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुधर नहीं पा रही है। सिल्ट व गंदगी से अटे नाले नियमित कूड़ा उठान नहीं होना लोगों के लिए जंजाल बनता जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 11:01 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 11:01 PM (IST)
पॉश कालोनी पटेल नगर में गंदे नाले से जलभराव
पॉश कालोनी पटेल नगर में गंदे नाले से जलभराव

सहारनपुर, जेएनएन। कोविड-19 जैसी बीमारी के दौर में भी नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुधर नहीं पा रही है। सिल्ट व गंदगी से अटे नाले, नियमित कूड़ा उठान नहीं होना लोगों के लिए जंजाल बनता जा रहा है। हद तो यह है कि निगम प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। अब तो पाश कालोनियों में सड़ते नालों से लोग परेशान हैं।

यह हाल क्षेत्र पटेल नगर का है। कहने को तो नगर निगम द्वारा यहां भरपूर विकास कराया गया है तथा पार्कों तक के सुधार का कार्य चल रहा है, लेकिन सफाई व्यवस्था की अनदेखी के चलते लोग कोरोना काल में अन्य बीमारियां भी फैलने की आशंका से त्रस्त हैं। पटेल नगर के अरोड़ा मेडिकल स्टोर वाले मार्ग पर करीब 90 फुट लंबा नाला है। करीब तीन वर्ष पूर्व नाला सफाई के नाम पर निगम द्वारा नाले पर किए तमाम अवरोध हटा नाले की सफाई कराई थी। उसके बाद सफाई नहीं होने से नाला गंदगी व सिल्ट से अटा पड़ा है तथा गंदे पानी की निकासी अवरूद्ध होने से जलभराव की समस्या बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासी मेयर से लेकर नगरायुक्त तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन सुधार नहीं कराया जा रहा है। ------------

क्या कहते हैं लोग

क्षेत्र के लोकेश अरोड़ा ने बताया कि करीब दो माह पूर्व मेयर संजीव वालिया को समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने क्षेत्र के सफाई निरीक्षक को लिखित आदेश भी किए थे लेकिन आज तक नाले की सफाई नहीं हुई। नंद कुमार ने कहा कि नाला गंदगी से अटा रहने के कारण अक्सर जलभराव हो जाता है तथा लोगों को गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ता है। राधेश्याम ने कहा कि निगम अधिकारियों को इस बारे में कई बार अवगत कराया लेकिन कोई सुधार नहीं कराया गया है। ----------

इनका कहना है...

पटेल नगर में सिल्ट से अटे नाले व जलभराव का मसला जानकारी में नहीं है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सख्त कार्रवाई होगी।

ज्ञानेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त सहारनपुर।

chat bot
आपका साथी