चोरों की आमद से ग्रामीण दे रहे रात को पहरा

रात्रि में चोरों की बढ़ती आमद से खौफजदा ग्रामीणों द्वारा जागते रहो की बुलंद आवाज के साथ लाठी-डंडा लेकर गांव में पहरा दिया जा रहा है। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस ने भी गश्त बढ़ा दी है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Jan 2021 10:40 PM (IST) Updated:Mon, 04 Jan 2021 10:40 PM (IST)
चोरों की आमद से ग्रामीण दे रहे रात को पहरा
चोरों की आमद से ग्रामीण दे रहे रात को पहरा

सहारनपुर, जेएनएन। रात्रि में चोरों की बढ़ती आमद से खौफजदा ग्रामीणों द्वारा जागते रहो की बुलंद आवाज के साथ लाठी-डंडा लेकर गांव में पहरा दिया जा रहा है। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस ने भी गश्त बढ़ा दी है।

पिछले कई दिनों से क्षेत्र के गांव बुंदूगढ़ में रात्रि के समय हथियारबंद बदमाशों की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। गांव निवासी जेबुल खान ने तहरीर देते हुए बताया कि पिछले कई दिनों से चोर उसके घर में लगातार घुसने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जाग हो जाने पर वह चोरी करने में असफल हो रहे हैं। उसने बताया कि शुक्रवार की रात्रि में भी लगभग दो बजे आहट होने पर जब उसने देखा तो उसके मकान की छत पर तीन बदमाश खड़े थे। उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोसी भी जाग गए तो बदमाश जंगल के रास्ते फरार हो गए। ग्रामीणों द्वारा पीछा भी किया गया, लेकिन अंधेरे के चलते वह गायब हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा भी घंटों कांबिग की गई। परंतु उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। रात्रि में बदमाशों की बढ़ती गतिविधियों से डरते हुए ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में रात्रि में पहरा देने की मुहिम चलाई गई, जिसके चलते शनिवार की रात्रि में लगभग आधा दर्जन ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडा लेकर पहरा दिया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी भी गश्त पर रहे। बदमाशों की बढ़ती गतिविधियों से खौफजदा ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में रात्रि गश्त को बराबर जारी रखने की मांग की। उधर, शनिवार की रात्रि में नानौता चीनी मिल कालोनी निवासी एक मिलकर्मी के घर में जब चोरों ने घुसने का प्रयास किया तो जाग हो जाने पर चोरों को वहां से भी भागना पड़ा। कालोनी वासियों द्वारा भी रात्रि गश्त बढ़ाए जाने की मांग की गई।

chat bot
आपका साथी