व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी
व्यापार मंडल ने नगर पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पॉलिथीन जांच के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर) : व्यापार मंडल ने नगर पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पॉलिथीन जांच के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष कुलदीप गोयल के कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में कुलदीप गोयल, उपाध्यक्ष अनिल जैन उर्फ अभिनदंन, उपाध्यक्ष जहांगीर चौधरी, महामंत्री वीरेश जैन ने कहा कि नगर पंचायत अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा गलत तरीके से व्यापारियों उत्पीड़न किया जा रहा है। पॉलिथीन जांच के नाम पर व्यापारियों के घरों तक में घुसकर अलमारी व बेड की तलाशी ली जा रही है। बहू-बेटियां भी सुरक्षित नहीं है। दुकानों में घुस कर व्यापारियों के गल्ले चेक किए जा रहे हैं। अवैध वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं। व्यापार संघ उपाध्यक्ष अनिल जैन उर्फ अभिनंदन जैन ने कहा नगर पंचायत अधिकारी अपनी रवैया में सुधार लाएं अन्यथा व्यापार मंडल धरने प्रदर्शन को बाध्य होगा। व्यापार मंडल उपाध्यक्ष व सभासद जहांगीर चौधरी ने कहा नगर पंचायत में किसी प्रकार की सुनवाई न होने के कारण जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जबकि नगर पंचायत अधिकारी कर्मचारियों द्वारा बाजार में दुकानदारों व्यापारियों का खुलेआम शोषण किया जा रहा है। महामंत्री वीरेश जैन कहा कि बाजार में नालों की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। व्यापारियों से चबूतरे का टैक्स भी वसूला जाता है। यदि नगर पंचायत अधिकारियों ने अपना रवैया न बदला तो व्यापार मंडल बाजार बंद करा कर धरने प्रदर्शन को बाध्य होगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप