नानौता में नकली नोटों के डर से व्यापारियों व खरीदारों को हो रही परेशानी

नानौता में नकली नोटों के प्रचलन की अफवाह से नगर के व्यापारियों में भी खलबली मची हुई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 07:29 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 07:29 PM (IST)
नानौता में नकली नोटों के डर से व्यापारियों व खरीदारों को हो रही परेशानी
नानौता में नकली नोटों के डर से व्यापारियों व खरीदारों को हो रही परेशानी

सहारनपुर, जेएनएन। नानौता में नकली नोटों के प्रचलन की अफवाह से नगर के व्यापारियों में भी खलबली मची हुई है। जहां व्यापारी वर्ग बड़े नोटों को लेने में हिचकिचाहट महसूस कर रहे हैं। वहीं खरीदारों को भी खरीदारी में मुश्किल हो रही है।

बता दें कि शनिवार को मुजफ्फरनगर में पुलिस ने तीन शातिरों को नकली नोट और उपकरण के साथ गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से नगर के व्यापारी असहज मेहसूस कर रहे हैं। आशंका जताई कि पड़ोस में होने के कारण नानौता में भी इस गिरोह के शातिरों के तार जुड़े हो सकते हैं, क्योंकि नानौता से पूर्व में नकली नोटों के साथ शातिरों को भी पकड़ा जा चुका है।

नकली नोटों को लेने व खरीदारी करने में हो रही परेशानी

नकली नोटों के प्रचलन की अफवाह पर नगर के व्यापारी अब अजनबी लोगों से 2000 व 500 के नोट नहीं ले रहे हैं बल्कि जानकारों से भी बड़ी छानबीन के बाद इन बड़े नोटों के बदले सामान दिया जा रहा है। वहीं अजनबी लोगों को भी बड़े नोटों के बदले खरीदारी करने में बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। नितिन कुमार जैन, सुशील कुमार अग्रवाल, दारा सिंह, इबादत हुसैन, शुभव जैन, खुर्रम मंसूरी, फजल अली, मुकेश पाराशर व राजीव नामदेव आदि व्यापारियों का कहना है कि नोटों में असली नकली की सही पहचान ना होने की वजह व कानूनी उलझन में फंसने के डर से उन्हें बड़े नोटों को लेने में घबराहट रहती है। उधर, खरीदारों को भी बड़े नोटों के बदले खरीदारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नकली करेंसी से देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है फर्क

व्यापार मंडल के जिला संयोजक राजीव नामदेव का कहना है कि पुलिस को चाहिए कि ऐसे गिरोह को पता लगा कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, जो नकली नोट बनाने व उनके प्रचलन करने के धंधे में जुड़े हुए हैं। क्योंकि नकली करेंसी से देश की अर्थव्यवस्था डगमगाने का खतरा बना रहता है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सौवीर नागर ने बताया कि अभी तक ऐसा कोई मामला नहीं आया है। पकड़ में आने पर ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की बात कही।

chat bot
आपका साथी