शर्तों के साथ आज से पटरी पर लौटेगी जिदगी, खुलेंगे सभी बाजार
केंद्र व प्रदेश सरकार की एडवाइजरी जारी होने के बाद जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जनपद के संबंध में एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके मुताबिक लॉक डाउन 30 जून तक जारी रहेगा।
सहारनपुर, जेएनएन। केंद्र व प्रदेश सरकार की एडवाइजरी जारी होने के बाद जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जनपद के संबंध में एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके मुताबिक लॉक डाउन 30 जून तक जारी रहेगा। इस बीच सभी बाजार सुबह 9 से शाम 7 बजे तक खोले जाएंगे। इसके लिए सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर हैंड सैनिटाइजर का प्रबंध करना होगा। फेस मास्क लगाने के साथ ही हाथों में ग्लब्स पहने अनिवार्य होंगे। यदि कोई ग्राहक बिना मास्क के आता है तो उसे सामान नहीं दिया जाएगा। यात्रा के लिए अंतर जनपदीय बस सेवा भी शर्तों के साथ शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने तीन चरणों में छूट का ऐलान किया है। पहले चरण में धार्मिक स्थल, होटल रेस्टोरेंट व शॉपिग मॉल खोले जाएंगे। स्कूल-कालेज दूसरे चरण में केंद्र की एडवाइजरी जाने होने के बाद जुलाई माह में खोलना प्रस्तावित है। विवाह में 50 से अधिक लोगों की अनुमति नहीं होगी। अंतिम संस्कार आदि में 20 लोग शामिल हो सकेंगे। राजकीय कार्यालय भी शत प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुलेंगे। मगर अब यहां तीन चरणों में डयूटी होगी। नर्सिंग होम एवं प्राइवेट अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग की अनुमति समस्त सुरक्षा उपकरण एवं प्रशिक्षण के बाद दी जाएगी। वाहनों में सैनिटाइजर पर्याप्त मात्रा में रखना होगा।