पशुशाला से चुकाकर दुधारू गाय को जंगल में काट डाला

बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव करौंदी से चोरों ने रात में दुधारू गाय चोरी कर गांव से कुछ ही दूर जंगल में उसे काट दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 10:08 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 10:08 PM (IST)
पशुशाला से चुकाकर दुधारू गाय को जंगल में काट डाला
पशुशाला से चुकाकर दुधारू गाय को जंगल में काट डाला

सहारनपुर, जेएनएन। बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव करौंदी से चोरों ने रात में दुधारू गाय चोरी कर गांव से कुछ ही दूर जंगल में उसे काट दिया। सुबह सूचना मिलने पर गाय मालिक व ग्रामीण मौके पर पहु़ंचे और वहां पड़े अवषेशों से अपनी गाय की पहचान की। पुलिस भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थी। पशु चिकित्साधिकारी ने अवषेशों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें जमीन में गाड़ दिया।

क्षेत्र में चोरी व गोकशी करने वालों के हौसले बुलंद हैं। रविवार की रात चोरों ने गांव करौंदी के किसान विनोद कुमार पुत्र छोटन सिंह की साहीवाल नस्ल की दुधारू गाय ने एक सप्ताह पहले ही बछिया को जन्म दिया था। चोर रात में इसे ले गए और गांव से कुछ ही दूरी पर इसी गांव के महिपाल सिंह के खेत में ले जाकर काट डाला। चोर गोमांस तो ले गए, लेकिन उसका मु्ह, पूंछ, खाल तथा टांगे आदि अवशेष के साथ ही गोकशी के औजार मौके पर ही छोड़ गए। गाय चोरी होने की खबर गांव में फैली। सुबह के समय गांव का ही कोई व्यक्ति खेत में जा रहा था। उसने महिपाल सिंह के खेत में गाय के अवशेष पड़े देखे तो गांव में सूचना दी, जिस पर विनोद कुमार व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गाय का मुंह आदि अवशेष देखकर उसने अपनी गाय की पहचान की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि गाय का बछड़ा चोर नहीं लाए थे। अनुमान लगाया कि इसी के चलते गाय आगे नहीं चली और उन्होंने गांव के पास ही उसे काट दिया। सूचना पर पुलिस व पशु चिकित्साधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले इन अवशेषों को कब्जे में लिया और पशु चिकित्साधिकारी ने उनका पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने विनोद कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

इंसेट

खाकी कुभकर्णी नींद में, चोर बेखौफ

बेहट : गाय चोरी व अवशेष मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में कभी पुलिस की गश्त नहीं होती है। चोरों के हौसलें बुलंद हैं। पिछले दो सप्ताह में चोरी की यह इसी गांव में तीसरी घटना है। चोरों ने अमित शर्मा पुत्र शमशेर शर्मा की पेंट आदि की दुकान का शटर उखाड़ कर चोरी की थी। यही नहीं सबसे पहली घटना गांव में स्थित शराब के ठेके का शटर उखाड़कर चोरी की थी। सूचना पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनेन्द्र राणा भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के बारे में पुलिस से बात की। उधर, बजरंग दल के जिला संयोजक हरीश कौशिक ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि पुलिस की कार्रवाई पुरी नहीं हुई तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। उनके साथ मौके पर पहुंचने वालों में जिला गोरक्षा प्रमुख विशाल चौहान, मनोज राणा, मनीष, मयंक व अनुज सैनी आदि रहे।

chat bot
आपका साथी