सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति नहीं है गंभीर: पुंडीर
छुटमलपुर में भाकियू तोमर के मंडल प्रभारी अजय पुंडीर ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति तनिक भी गंभीर नहीं है।
सहारनपुर, जेएनएन। छुटमलपुर में भाकियू तोमर के मंडल प्रभारी अजय पुंडीर ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति तनिक भी गंभीर नहीं है। बीते नवंबर के गन्ने का बकाया भुगतान भी नहीं हुआ है। सरकारी नुमाइंदे गन्ना भुगतान के दावे ठोक कर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं।
शनिवार को औरंगाबाद में आहूत किसानों की बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी अजय पुंडीर ने कहा कि किसानों को इस समय खरीफ फसल बुआई के लिए पैसे की आवश्यकता है और चीनी मिलें भुगतान करने को तैयार नहीं है। उन्होने सरकार से गन्ना बकाया का तत्काल भुगतान कराने की मांग भी की। मंडल प्रतिनिधि मिटू राणा ने कहा कि सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं है। किसान ब्लैक में खाद खरीदने को मजबूर है। जिला महासचिव अश्वनी कांबोज ने सरकार से किसानों के बिजली बिल माफ करने की मांग की। अध्यक्षता ऋषिराज कांबोज ने और संचालन सच्जन कांबोज ने किया। इस दौरान ऋषिराज कांबोज को मुजफ्फराबाद ब्लाक अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा भी की गई। कुलदीप कांबोज, शोबेंद्र कांबोज, मो. इसहाक, कुलदीप सिंह, मनीष कांबोज, उमेश, विपिन कुमार व सोमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
अनियंत्रित कार ने स्कूटी व बाइक में मारी टक्कर, एक घायल
देवबंद: कस्बे में शनिवार दोपहर को उक्त मार्ग पर उस समय अफरातफरी मच गई जब शास्त्री चौक के निकट फल की रेहड़ी के पास खड़ी बाइक और सड़क से गुजर रही स्कूटी को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी।
बाद में एक दुकान के शटर को भी कार ने क्षतिग्रस्त कर डाला। टक्कर लगने से स्कूटी सवार युवक सन्नी घायल हो गया। बताया जात है कि उक्त कार एक वरिष्ठ चिकित्सक की थी। चिकित्सक के कंपाउडर द्वारा गैराज से कार निकालने के दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई। उधर, गनीमत यह रही कि वीकेंड कोरोना कर्फ्यू के चलते उक्त मार्ग पर आवाजाही कम थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पीड़ितों द्वारा घटना की जानकारी निकट पुलिस चौकी को दी गई है।