कुछ दिखा रहे समझदारी, कुछ का पता नहीं कब जागेंगे

कोरोना की चेन तोड़ने के लिए जिले में 17 मई तक लाकडाउन लगा हुआ है। जिले के अधिकतर लोग समझदारी के साथ लाकडाउन का पालन कर रहे हैं। कुछ ही लोग हैं जो लापरवाही कर रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 May 2021 06:03 PM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 06:03 PM (IST)
कुछ दिखा रहे समझदारी, कुछ का पता नहीं कब जागेंगे
कुछ दिखा रहे समझदारी, कुछ का पता नहीं कब जागेंगे

सहारनपुर, जेएनएन। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए जिले में 17 मई तक लाकडाउन लगा हुआ है। जिले के अधिकतर लोग समझदारी के साथ लाकडाउन का पालन कर रहे हैं। कुछ ही लोग हैं, जो लापरवाही कर रहे हैं। ऐसे लोगों से निपटने के लिए पुलिस भी शांत बैठी है। दोपहर तक तो सड़कों और बाजारों में बुरा हाल है। भीड़ का आलम इस कदर है कि वायरस की चेन टूटने के बजाए बढ़ रही है। सड़कों पर खूब वाहन दौड़ रहे हैं। दोपहर के बाद कुछ भीड़ हल्की दिखती है। डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डा. एस चन्नपा ने जिले के लोगों से अपील की है कि वह लोग लाकडाउन के साथ साथ नियमों का पालन करें।

बैंक, क्लीनिक के बाहर खूब भीड़

जनकपुरी थानाक्षेत्र के बाजोरिया रोड पर शहर के सबसे अधिक डाक्टरों के अस्पताल, क्लीनिक और टेस्टिग लैब है। यहां पर रोजाना सुबह के सात बजे से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। हालांकि यहां पर जरूरतमंद लोग ही आते हैं, लेकिन इन जरूरतमंद से नियमों का पालन कराना क्लीनिक मालिक, लैब मालिक, अस्पताल संचालक की जिम्मेदारी है। यहां पर न तो शारीरिक दूरी का पालन हो रहा है। इक्का दुक्का लोग बिना मास्क के भी मिल जाएंगे। इसलिए यहां पर पुलिस को सख्ती करने की जरूरत है।

रोडवेज की नहीं थम रही लापरवाही

जिले का रोडवेज विभाग बिलकुल बेफ्रिक होकर बैठा है। इस विभाग की तरफ से संक्रमण फैले या ना फैले। इस पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। रोडवेज बसों में सैनिटाइजर की कोई सुविधा नहीं है। सवारियों को ठूस-ठूसकर भरा जा रहा है। चालक-परिचालक बिना मास्क के दिख रहे हैं। रोडवेज विभाग के आरएम नीरज सक्सेना से जब इस लापरवाही के बारे में पूछा जाता है तो वह फोन नहीं उठाते हैं। जिससे साफ लग रहा है कि आरएम कमिश्नर और डीएम से भी बड़े हो गए हैं।

सब्जी मंडी फलों की दुकान पर नियंत्रण नहीं

शहर की सब्जी मंडी में सुबह के सात बजे से भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। यहां पर खुद आढ़ती और ग्राहक दोनों ही न तो शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं। न ही मास्क लगा रहे हैं। फल विक्रेता जो गली मोहल्लों में जाकर फलों को बेच रहे हैं। उनके चेहरे पर मास्क नहीं होता है। यह लोग संक्रमण को और बढ़ा रहे हैं।

जहां भी लापरवाही बरती जा रही है। वहां पर पुलिस सख्ती के साथ निपटेगी। सब्जी मंडी को लेकर जिलाधिकारी से बात की जाएगी। रोडवेज के आरएम को निर्देश दे दिए गए हैं। लाकडाउन का सख्ती के साथ पालन किया जा रहा है।

डा. एस चन्नपा, एसएसपी

chat bot
आपका साथी