धान, सरसों, उड़द फसल पर भारी पड़ी ओलावृष्टि की मार

रविवार को यमुना खादर क्षेत्र में हुई भारी ओलावृष्टि ने धान सरसों व उड़द को बर्बाद कर दिया। किसानों ने प्रशासन से मुआवजा की मांग की है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 08:03 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 08:03 PM (IST)
धान, सरसों, उड़द फसल पर भारी पड़ी ओलावृष्टि की मार
धान, सरसों, उड़द फसल पर भारी पड़ी ओलावृष्टि की मार

सहारनपुर, जेएनएन। रविवार को यमुना खादर क्षेत्र में हुई भारी ओलावृष्टि ने धान, सरसों व उड़द आदि की फसलों को तहस-नहस कर दिया। गन्ने में भी इस ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। प्रभावित क्षेत्र में धान व उड़द की तो तैयार फसल पूरी तरह चौपट हुई है, जबकि सरसों की तो अभी कुछ दिन पहले ही बोई गई थी।

रविवार की शाम आसमान से ओले के रूप में आफत ही बरसी। यमुना खादर क्षेत्र इस अति ओलावृष्टि की पूरी तरह चपेट में आया। धान की फसल इस क्षेत्र में अभी तैयार खड़ी थी। इस समय इस फसल की कटाई बी चल रही है, लेकिन शाम के समय आई इस आफत ने किसानों के खून-पसीने से तैयार इस फसल को तहस-नहस कर दिया। तहसील क्षेत्र के हजारों बीघा क्षेत्रफल में खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। इस आफत की चपेट में आने वाले गांवों में तहसील के नुनियारी, धौलरा, टटोहल, कांसेपुर, बहरामपुर, शेखपुरा, मंझाड़ी, मीरपुर ठसका, नानौली, लतीफपुर व साढ़ौली भूड़, खैरी, खेड़ी, मढ़ती, जोडियों, नंदपुर, कासमपुर, सिकंदरपुर, फैजाबाद, मगनपुरा व बादशाहीबाग आदि गांव में ज्यादा नुकसान हुआ। कहीं-कहीं तो गन्ने की अगेती प्रजाति की बुआई भी हो चुकी है। ओलावृष्टि से इसे भी नुकसान हुआ है। अधिकारी मुआवजा देने की बात कर रहे हैं। अब देखना होगा कि रोते हुए किसान के कितने आंसू पोंछे जाते हैं।

किसान संगठनों व सपा ने की फसलों के मुआवजे की मांग

जागरण संवाददाता, सहारनपुर : बारिश व ओलावृष्टि से धान की फसल को हुए नुकसान को देख किसान संगठन भारतीय किसान संघ, भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक व समाजवादी पार्टी ने शासन प्रशासन से मुआवजा दिये जाने की मांग की है।

भारतीय किसान संघ की कलक्ट्रेट परिसर में हुई बैठक के बाद किसानों ने जिलाधिकारी से मिलकर मांग की कि किसानों की धान की फसल नष्ट हो गई है। ऐसे में नुकसान का आंकलन कराकर तत्काल मुआवजा दिलाया जाए। संघ के प्रदेश संयोजक गन्ना श्यामवीर सिंह त्यागी व मेरठ प्रांत अध्यक्ष हरबीर सिंह ने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी व अन्य मौजूद रहे। उधर, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार, प्रदेश सचिव चौधरी चरण सिंह, मा. रघुवीर सिंह आदि ने भी डीएम से मिलकर धान की नष्ट हुई फसलों का मुआवजा दिये जाने की मांग की है।

सपा जिलाध्यक्ष ने भी की

मुआवजे की मांग

सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन ने राज्यपाल को पत्र भेजकर बारिश व ओलावृष्टि से नष्ट हुई धान व गन्ने की फसल का मुआवजा दिये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ओला व बारिश से फसल खराब होने पर किसानों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि सर्वे कराकर बर्बाद फसलों का मुआवजा दिलाया जाए।

chat bot
आपका साथी