मोहर्रम के जुलूस की अनुमति नहीं : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कोविड-19 के चलते मोहर्रम का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 11:47 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 11:47 PM (IST)
मोहर्रम के जुलूस की अनुमति नहीं : जिलाधिकारी
मोहर्रम के जुलूस की अनुमति नहीं : जिलाधिकारी

सहारनपुर, जेएनएन। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कोविड-19 के चलते मोहर्रम का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम के दृष्टिगत करबला के आस-पास सहित सभी स्थानों पर विद्युत की समुचित आपूर्ति के साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष प्रबंध कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी को रोकने के लिए सभी धर्मों एवं वर्गों के लोगों का सहयोग अपेक्षित है।

जिलाधिकारी अखिलेश सिंह मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में मोहर्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि शासन की गाइड लाईन का पालन करें। जिला प्रशासन का कर्तव्य है कि जनपद का हर नागरिक महफूज रहे। इसके लिए कभी-कभी सख्त कदम भी उठाने पड़ते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि करबला की चाहर दीवारी के भीतर जियारत करने के लिए शासन के जो भी नियम आयेंगे उनका पालन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मोर्हरम इस्लामिक कलेंडर का पहला माह होता है। एसएसपी डा. एस चन्नप्पा ने कहा कि शासन के नियम व गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। बैठक में एडीएमई एसबी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी, एसडीएम देवबंद राकेश कुमार, नकुड़ देवेन्द्र पाण्डेय, एलआईयू इंस्पेक्टर रजनी, चीफ वार्डन राजेश जैन, जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद तथा व्यापार मंडल के अध्यक्ष शीतल टंडन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

लेबर अड्डों एवं चौराहों पर श्रमिकों को जागरूक को कैंप लगाएं

सहारनपुर : मंडलायुक्त लोकेश एम के निर्देशानुसार श्रम विभाग द्वारा मंडल के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली जनपदों के लेबर अड्डों एवं चौराहों पर श्रमिकों को जागरूक करने के लिए कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजित कैंपों में श्रमिकों के लेबर कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आवासीय सुविधा, वैक्सीनेशन, मास्क के प्रयोग की जानकारी श्रमिकों से एकत्र की जा रही है। साथ ही श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के हितार्थ चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

सहायक श्रमायुक्त अभिषेक सिंह ने मंगलवार को बताया कि श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा जनपद सहारनपुर में हसनपुर चुंगी स्थित लेबर अड्डे पर एक कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें 143 श्रमिकों का ब्यौरा एकत्र किया गया तथा मौके पर उपस्थित सभी श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं पंजीकरण की जानकारी दी गयी।

chat bot
आपका साथी