प्रदेश का पहला गो-अंत्येष्टि स्थल बनाएगा सहारनपुर नगर निगम

मेयर संजीव वालिया ने कहा कि महानगर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नगर निगम द्वारा हाइवे पार्कों और पुलों का सौन्दर्यकरण के प्रयास किये जा रहे हैं। जल्द ही भूमि का चयन कर एक गौ अन्त्येष्टि स्थल बनवाया जायेगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 12 Dec 2019 11:42 PM (IST) Updated:Fri, 13 Dec 2019 06:04 AM (IST)
प्रदेश का पहला गो-अंत्येष्टि स्थल बनाएगा सहारनपुर नगर निगम
प्रदेश का पहला गो-अंत्येष्टि स्थल बनाएगा सहारनपुर नगर निगम

सहारनपुर जेएनएन। महानगर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में यहां भूमि का चयन कर एक गो-अंत्येष्टि स्थल भी बनवाने की कवायद शुरू की गई है। दस स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। शहर में 900 कैमरे लगाकर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा।

गुरुवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में नगर निगम के बोर्ड गठन के दो वर्ष पूरे होने पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए महापौर संजीव वालिया ने कहा कि ई-लाइब्रेरी परियोजना के अंतर्गत निगम की लाइब्रेरी को आइटी के जरिए आधुनिक बनाया जाएगा। साथ ही एक काउंसिलिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीपीपी मॉडल पर नगर निगम, मेडिकल कॉलेज एवं आइएमए के साथ मिलकर मेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी। निगम द्वारा एक अस्पताल बनवाया जाएगा, जिसमें गरीबों के लिए निश्शुल्क व कम दरों पर हेल्थ टेस्ट कराए जाएंगे। एक जेनरिक दवाखाना भी खोला जाएगा। स्मार्ट सिटी में चयनित एबीडी एरिया में 10 स्कूलों को 20-20 लाख की लागत से स्मार्ट स्कूल के तौर पर विकसित किया जाएगा।

महापौर ने बताया कि एक माह में गो-अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। यह प्रदेश में पहला होगा। पीपीपी मॉडल पर मल्टीलेवल कार पार्किग और कमर्शियल कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, आइसीसीसी परियोजना में कमांड एंड कंट्रोल सेटर, सीसीटीवी, ईआरपी, जीआइएस व ट्रैफिक मैनेजमेंट आदि कार्य भी प्रस्तावित है। परियोजना के अंतर्गत दो करोड़ की लागत से आइसीसीसी भवन का निर्माण कराया जा चुका है। पूरे शहर में लगभग 900 कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि गत दो वर्षों में 23 लाइटों तथा 212 हाईमास्ट को एलईडी में परिवर्तित किया गया है। इन लाइटों के ऑटोमेटिक ऑन-ऑफ के लिए 187 सीसीएमएस पैनल भी लगाए गए हैं। सभी 70 वार्डो को अगले छह माह में एलईडी लाइटों से संतृप्त कर दिया जाएगा। मानकमऊ में निगम की भूमि पर नकुड़-गंगोह आदि मार्गो के लिए एक बस-स्टैंड के निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। घंटाघर से शहर के चारों ओर के प्रमुख मार्गो को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित कराया जाएगा। निगम की वार्षिक आय को 32 करोड़ से बढ़ाकर 100 करोड़ करने का प्रस्ताव है। पत्रकार वार्ता में मुख्य अभियंता निर्माण बीके सिंह, जीएम जलकल एएन उपाध्याय, लेखाधिकारी राजीव कुशवाह, वाटर व‌र्क्स इंजीनियर एसके गर्ग तथा स्मार्ट सिटी डायरेक्टर सुशील पुंडीर व पार्षद मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी