नगर निगम 28 से लगाएगा भव्य दीपावली मेला

नगर निगम गांधी पार्क में एक सप्ताह का दीपावली मेला लगाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 10:58 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 10:58 PM (IST)
नगर निगम 28 से लगाएगा भव्य दीपावली मेला
नगर निगम 28 से लगाएगा भव्य दीपावली मेला

सहारनपुर, जेएनएन। नगर निगम गांधी पार्क में एक सप्ताह का दीपावली मेला लगाएगा। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और आकर्षक स्टाल लगाए जाएंगे। जनमंच में तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मेले का शुभारंभ 28 अक्तूबर को होगा। मेले का उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण लेने वाले स्ट्रीट वेंडरों के अधिक से अधिक स्टाल लगवाकर उनकी आय में बढ़ोतरी करना है।

नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि भारतीय संस्कृति का महापर्व दीपावली चार नवंबर को मनाया जायेगा। इससे एक सप्ताह पूर्व 28 अक्तूबर से करीब एक सप्ताह के लिए एक भव्य और आकर्षक दीपावली मेला नगर निगम द्वारा गांधी पार्क में आयोजित किया जायेगा। मेले में आवश्यक वस्तुओं तथा फूड स्टाल लगाए जाएंगे, वहीं बच्चों के आकर्षण के लिए खेल खिलौनों के स्टाल और मनोरंजन के लिए झूले आदि भी लगाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर लगाये जाने वाले इस दीपावली मेले के आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण लेने वाले पटरी दुकानदारों व वेंडरों के अधिक से अधिक स्टाल लगवाकर उन्हें आय बढ़ाने के लिए एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराना है।

नगर आयुक्त ने बताया कि मेले में मैजिक शो, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली, स्थानीय लोक गायन सहित तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। परांपरागत कला के साथ-साथ आधुनिक तकनीक आधारित लेजर शो के साथ मंचीय कला प्रदर्शन कराने का प्रयास भी किया जायेगा। स्वच्छता सेल्फी व सेल्फी विद् ग्रेट लीडर्स तथा विभिन्न प्रकार की पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। मेला स्थल व जनमंच पर स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जायेगा और हर रोज पूरी तरह सैनिटाइज कराकर कोविड नियमों का पालन कराया जाएगा।

मेले में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों के लिए एक विशेष पंजीकरण डेस्क लगाने के अलावा बैंकों के सहयोग से डिजीटल लेन देन के संबंध में जानकारी देने के लिए स्टाल लगाया जाएगा। ओडीओपी तथा एमएसएमई स्टाल भी कई विभागों के सहयोग से लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एक एलइडी लगाकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी