गैर भाजपा सरकारों में था अराजकता का बोलबाला : स्वतंत्र देव सिह

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा बसपा व कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों की सरकारों में गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार का बोलबाला था। राज्य में बहन- बेटियां सुरक्षित नहीं थीं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 10:30 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 10:30 PM (IST)
गैर भाजपा सरकारों में था अराजकता का बोलबाला : स्वतंत्र देव सिह
गैर भाजपा सरकारों में था अराजकता का बोलबाला : स्वतंत्र देव सिह

सहारनपुर, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा, बसपा व कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों की सरकारों में गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार का बोलबाला था। राज्य में बहन- बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। कहा कि भाजपा एक विचारधारा है, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने का काम कर रही है।

स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सरकार गरीबों, शोषितों व वंचितों की है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक गरीब और गांव का उत्थान है। उसी दिशा में सरकार द्वारा अनेकों योजनाएं शुरू की गई हैं। वर्ष 2024 तक प्रत्येक कच्चे मकान वाले को पक्का मकान सरकार द्वारा दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के समय सरदार पटेल के कहने के बावजूद पंडित नेहरू ने विवादों का हल नहीं किया और कांग्रेस ने 70 साल तक इनको लटकाए रखा। केंद्र की मोदी सरकार ने धारा 370 व 35-ए एक झटके में हटा दी। तंज कसा कि यूपीए सरकार में कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को काल्पनिक बता दिया, शंकराचार्य की गिरफ्तारी की गई और हिन्दू आतंकवाद जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आने के बाद कश्मीर में सेना पर पत्थर नहीं फेंके जाते।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि मोदी और योगी सरकार में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से सभी को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। पन्ना प्रमुख तक की संरचना पार्टी द्वारा तैयार कर ली गई है। सरकार की योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने का काम पार्टी कार्यकर्ताओं को करना है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा दल, दल से बड़ी पार्टी और पार्टी से बड़ा राष्ट्र है और भाजपा कार्यकर्ता स्वार्थ की नहीं अपितु राष्ट्रहित के लिए राजनीति करता है। कहा कि प्रदेश व देशहित में एक बार फिर भाजपा सरकार बनना आवश्यक है। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक देवेंद्र निम व चौधरी किरत सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, महापौर संजीव वालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम, कुशपुरी, अमित अग्रवाल, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर आदि मौजूद रहे। ---इनसेट---

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किए माता शाकंभरी के दर्शन, अनुसूचित बस्ती में किया भोजन

जागरण संवाददाता, बेहट : भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को माता शाकंभरी देवी के दर्शन किए। उन्होंने इस अवसर पर मंदिर परिसर में स्थित भगवान गणेश की विशेष पूजा की। यहां आयोजित शारदीय नवरात्र मेले की आयोजक जिला पंचायत के अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने प्रदेशाध्यक्ष को माता की चांदी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का काफिला बेहट विधानसभा क्षेत्र के मुजफ्फराबाद ब्लाक की अनुसूचित बस्ती माजरी में पहुंचा, जहां उन्होंने बूथ नंबर 322 के अध्यक्ष मंगेश कुमार के यहां भोजन किया। यहां से प्रदेश अध्यक्ष गांव अनवरपुर बरौली की बूथ संख्या 241 के अध्यक्ष सोनेन्द्र राणा के यहां पहुंचे और सुक्ष्म जलपान किया। उनके साथ भाजपा के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश, जिलाध्यक्ष डा. महेन्द्र सैनी, सांसद प्रदीप चौधरी, पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक महावीर राणा, अभय राणा, चेतन सैनी, जिला मंत्री बिजेन्द्र सैनी आदि रहे।

chat bot
आपका साथी