केंद्र पर गन्ना खरीद न होने से किसानों में रोष

खारीबांस में एक सप्ताह से गन्ना क्रय केंद्र पर खरीद न होने से किसानों में रोष है। मिल प्रबंधन द्वारा गन्ना क्रय केंद्र को चालू किए जाने को लेकर केवल आश्वासन दिया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 07:36 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 07:36 PM (IST)
केंद्र पर गन्ना खरीद न होने से किसानों में रोष
केंद्र पर गन्ना खरीद न होने से किसानों में रोष

सहारनपुर जेएनएन। खारीबांस में एक सप्ताह से गन्ना क्रय केंद्र पर खरीद न होने से किसानों में रोष है। मिल प्रबंधन द्वारा गन्ना क्रय केंद्र को चालू किए जाने को लेकर केवल आश्वासन दिया जा रहा है।

नकुड़ के निकटवर्ती ग्राम खारीबांस में उत्तम शुगर मिल शेरमऊ का गन्ना क्रय केंद्र स्थापित है। पिछले सप्ताह इस क्रय केंद्र पर गन्ना खरीद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। उक्त मामले में पुलिस द्वारा कानूनी कार्यवाही कर दी गई थी।

एडवोकेट विनोद राठौर ने बताया कि जब झगड़ा करने वालों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही हो गई थी, तब मिल प्रबंधन द्वारा गन्ना क्रय केंद्र को चालू क्यों नहीं किया गया। इस बात को लेकर खारीबांस, गाजीवाला व खंडवा गांवों के किसानों में रोष है। किसानों का कहना है कि मिल प्रबंधन या तो गन्ना क्रय केंद्र को चालू कर किसानों की गन्ना आपूर्ति को सुचारू करें नहीं तो क्रय केंद्र से जुड़े गन्ना किसानों का सट्टा खत्म कर दें।

विनोद राठौर ने बताया कि जब किसानों ने मिल प्रबंधन के अधिकारियों से इस संबंध में बात की तो उन्होंने एक-दो दिन में गन्ना क्रय केंद्र को चालू करने का आश्वासन दिया था, परंतु आज एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी गन्ना खरीद के लिए क्रय केंद्र चालू नहीं हुआ। जिसके कारण इस क्रय केंद्र से जुड़े गन्ना किसानों के सामने अपनी फसल की आपूर्ति को लेकर समस्या खड़ी हो गयी है।

उन्होंने बताया कि मिल प्रबंधन द्वारा अगर जल्द ही खारीबांस गन्ना केंद्र पर जुड़े किसानों की गन्ना खरीद शुरू नहीं की गई, तो इन केंद्र से जुड़े किसान आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रेम सिंह, जबर सिंह, नैन सिंह, हुकुम सिंह, जयसिंह, विक्रम सिंह, राजकुमार व सतपाल आदि किसानों ने मिल प्रबंधन से गन्ना खरीद केंद्र को चालू करने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी