सरकार किसानों के धैर्य की परीक्षा न लें: राजबीर
छुटमलपुर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मुजफ्फराबाद ब्लाक मुख्यालय पर बैठक कर अपनी मांगों का राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसओ को को दिया।
सहारनपुर, जेएनएन। छुटमलपुर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मुजफ्फराबाद ब्लाक मुख्यालय पर बैठक कर अपनी मांगों का राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसओ को को दिया।
शनिवार को भाकियू कार्यकर्ताओं की बैठक ब्लाक मुख्यालय मुजफ्फराबाद में संपन्न हुई बैठक के बाद दिए ज्ञापन में जिला उपाध्यक्ष डा. राजबीर सिंह कांबोज ने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। तीन काले कृषि कानूनों को तत्काल वापस ले। कहा कि सरकार किसानों के धैर्य की परीक्षा न ले। आंदोलन कानून वापसी तक जारी रहेगा।
युवा जिलाध्यक्ष अजय कांबोज ने कहा कि कृषि कानून के विरोध में सड़कों पर उतरा किसान पीछे हटने वाला नहीं है। सरकार के पास आंदोलन को समाप्त कराने के लिए काले कृषि कानून की वापसी ही एक रास्ता है। बैठक के उपरांत कार्यकर्ताओं की तरफ से अपनी मांगों के संबंध में एसओ बिहारीगढ़ मनोज चौधरी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन दिया गया। बैठक की अध्यक्षता मौ. खुर्शीद जबकि संचालन मनोज कमाल्ली ने किया। इस दौरान बबली कांबोज, शोबिद्र कांबोज, मंजेश कुमार, राजकुमार, अब्दुल हसीब, देवेंद्र कांबोज, रणधीर सैनी, आशीष, संजय, रघुवीर सिंह, सचिन चौधरी व इसरान आदि मौजूद रहे।
अवैध रूप से खनिज के परिवहन का खेल चल रहा देहाती रास्तों से
बेहट : यमुना नदी से अवैध खनन व परिवहन का धंधा फिर चरम पर है। अवैध परिवहन करने वाले वैसे तो अधिकतर देहात के रास्तों से ही खनिज निकाल रहे हैं। लेकिन क्षेत्र का उसंड़ मार्ग तो जैसे अब अवैध खनिज के परिवहनों का मुख्य रास्ता बन गया है। इस धंधे में पुलिस के कुछ कारखास भी अपना काम निकाल रहे हैं। आंकड़ों का पेट भरने के लिए खनिज से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी है। दो आरोपी भी पकड़े हैं।
गौरतलब है कि यमुना नदी से अवैध खनन व परिवहन का धंधा थमता नहीं है, कम-ज्यादा जरूर हो जाता है। पिछले तीन महीनों में यह काम बंद रहा, वैसे भी इस समायावधि में पुलिस के साथ तहसील के संग्रह अमीनों की ड्यूटी मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से खनन के परिवहन को रोकने के लिए लगाई गई थी, लेकिन देहाती रास्तों से खनिज का अवैध परिवहन होता रहा। एक अक्टूबर से जैसे ही खनन खुला तो तस्करों ने भी अपने हाथ खोल दिए और कोतवाली के कुछ कार खास के सहारे धंधे को मंजिल तक पहुंचाना शुरू कर दिया। पुलिस ने उसंड़ रोड से अवैध रूप से खनिज ले जाते एक ट्रैक्टर-ट्राली को रोक लिया। इस ट्रैक्टर-ट्राली को ले जा रहे कलीम पुत्र सलीम गांव पठानपुरा अहतमाल तथा सोनू निवासी उसंड़ को ट्राली से कूदकर भागते हुए पकड़ा।