ई-रिक्शा और आटो वाले शहर में तेजी से बढ़ा न दें संक्रमण

कोरोना संक्रमण लगातार फैल रहा है। जिले में मरीजों की संख्या 300 के पार पहुंच गई है। बावजूद इसके लोग लापरवाह बने हुए हैं। रोजाना कभी 20 तो कभी 30 की संख्या में कोरोना पाजिटिव केस निकल रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 05 Apr 2021 11:05 PM (IST) Updated:Mon, 05 Apr 2021 11:05 PM (IST)
ई-रिक्शा और आटो वाले शहर में तेजी से बढ़ा न दें संक्रमण
ई-रिक्शा और आटो वाले शहर में तेजी से बढ़ा न दें संक्रमण

सहारनपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण लगातार फैल रहा है। जिले में मरीजों की संख्या 300 के पार पहुंच गई है। बावजूद इसके लोग लापरवाह बने हुए हैं। रोजाना कभी 20 तो कभी 30 की संख्या में कोरोना पाजिटिव केस निकल रहे हैं। शहर का ऐसा कोई बाजार नहीं, जहां नियमों की धज्जियां न उड़ रही हो। ऐसा कोई वाहन नहीं, जहां नियमों को ताक पर न रखा जा रहा हो। सिस्टम पूरी तरह से मौन है। दुपहिया वाहनों पर चलने वालों पर पुलिस शिकंजा कस रही है। पुलिस केवल चालान तक सीमित है। बाजारों में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। संक्रमण फैला तो सिस्टम को संभालना मुश्किल हो जाएगा। दैनिक जागरण ने सोमवार को पड़ताल की तो सच्चाई सामने आई।

ई-रिक्शा-आटो वालों पर काबू नहीं

शहर में ई-रिक्शा चालक और आटो वाले खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सवारियों को तो बैठा रहे हैं, लेकिन सवारियों को मास्क पहनने के लिए नहीं बोल रहे हैं। खुद आटो और ई-रिक्शा चलाने वाले भी बिना मास्क के शहर में घूम रहे हैं। हैरत की बात यह है कि दुपहिया वाहन वालों को रोककर पुलिस मास्क की चेकिग कर रही है, लेकिन आटो और ई-रिक्शा वाले नहीं दिख रहे हैं, जो सबसे खतरनाक साबित हो सकते हैं। सब्जी मंडी में लगातार बढ़ रही भीड़

दैनिक जागरण की टीम सोमवार की सुबह छह बजे चिलकाना रोड स्थित सब्जी मंडी में पहुंची। यहां पर गांव देहात से किसान सब्जी लेकर आते हैं। खरीदने वालों की भीड़ पहले से जमा होती है। यहां पर देखा कि सब्जी आढ़ती और अन्य लोग बिलकुल भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। बिना मास्क के लोग धड़ल्ले से सब्जी खरीद रहे हैं। शहर के हालात यह हैं कि गली मोहल्लों में सब्जी बेचने वाले भी बिना मास्क के सब्जियां और फल बेच रहे हैं। सब्जी मंडी और शहर के अन्य स्थानों पर यदि नियमों का पालन नहीं हो रहा है तो सख्ती की जाएगी। चालान काटे जाएंगे। मेरी जिले के लोगों से अपील है कि वह नियमों का पालन करें और कोरोना को हराने के लिए जिला प्रशासन का साथ दे।

-अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी

chat bot
आपका साथी