पटाखों का यह अवैध भंडारण करा न दे शहर में बड़ा हादसा
पटाखों के अवैध भंडारण के कारण शामली में चार लोगों की जान चली गई थी। बावजूद इसके सहारनपुर के अधिकारी इस हादसे से सबक नहीं ले रहे हैं। शहर के कई स्थानों पर इस समय पटाखों का अवैध भंडारण किया हुआ है। जबकि दस साल पहले सहारनपुर में भी एक पटाखा गोदाम में आग लगने से नौ लोगों की जान चली गई थी। पटाखों का अवैध भंडारण कुछ पुलिस कर्मियों की मिलीभगत के चलते हो रहा है। दमकल विभाग ने बिलकुल आंख मूंदी हुई है।
सहारनपुर, जेएनएन। पटाखों के अवैध भंडारण के कारण शामली में चार लोगों की जान चली गई थी। बावजूद इसके सहारनपुर के अधिकारी इस हादसे से सबक नहीं ले रहे हैं। शहर के कई स्थानों पर इस समय पटाखों का अवैध भंडारण किया हुआ है। जबकि दस साल पहले सहारनपुर में भी एक पटाखा गोदाम में आग लगने से नौ लोगों की जान चली गई थी। पटाखों का अवैध भंडारण कुछ पुलिस कर्मियों की मिलीभगत के चलते हो रहा है। दमकल विभाग ने बिलकुल आंख मूंदी हुई है।
कुतुबशेर थानाक्षेत्र के गांव दराअली में एक पटाखा फैक्ट्री है। फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे हैं। लाइसेंस में जो नियम व शर्ते हैं। उन्हें अनदेखा किया जा रहा है। दीवाली नजदीक होने के कारण पटाखों की बिक्री सहारनपुर से दूसरे राज्यों तक होती है। इसलिए पटाखों का भरपूर उत्पादन किया जा रहा है। इस फैक्ट्री में जो पटाखा बनाया जा रहा है। उसे देहरादून चौक के समीप एक गोदाम में रखा जा रहा है। इस गोदाम के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस फैक्ट्री के खिलाफ दराअली गांव के कई किसान पुलिस को तहरीर दे चुके हैं।
किसानों का आरोप है कि उनकी धान की फसल को पटाखा फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषित पानी के कारण खराब कर दिया है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
..
शहर के बीच में है कई गोदाम
सदर बाजार थानाक्षेत्र के अंतर्गत शहर के बीच में कई पटाखों के गोदाम हैं इन गोदाम में पटाखों का अवैध भंडारण किया हुआ है। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। इसी कारण इन गोदामों पर छापेमारी नहीं की जा रही है।
..
दमकल विभाग बना लापरवाह
दमकल विभाग और कुछ थाने के सिपाहियों की मिलीभगत के कारण पटाखों का अवैध भंडारण किया जा रहा है। दीवाली नजदीक होने के कारण अफसर भी मौन हैं। हालांकि कुछ दिन पहले एक दो दिन छापेमारी की गई थी, लेकिन फिर से अवैध भंडारण का धंधा चल रहा है।
..
पटाखों के गोदाम पर छापेमारी की जा चुकी है। आगे भी छापेमारी जारी रहेगी। किसी ने अवैध रूप से भंडारण किया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
राजेश कुमार, एसपी सिटी