अधर में लटका है देवबंद-झबरेड़ा मार्ग

देवबंद के झबरेड़ा-दिवालहेडी-साल्हापुर-बनहेड़ा मार्ग क्षतिग्रस्त होने के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 11:14 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 11:14 PM (IST)
अधर में लटका है देवबंद-झबरेड़ा मार्ग
अधर में लटका है देवबंद-झबरेड़ा मार्ग

सहारनपुर, जेएनएन। देवबंद के झबरेड़ा-दिवालहेडी-साल्हापुर-बनहेड़ा मार्ग क्षतिग्रस्त होने के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नौ माह पूर्व उक्त मार्ग राज्यवित एवं नाबार्ड द्वारा 40 करोड़ की लागत से बनना प्रस्तावित हुआ था। लेकिन इसके बावजूद अभी तक निर्माण कार्य अधर में लटका है।

देवबंद से उत्तराखंड को जोड़ने वाले 14 किमी लंबे मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा गत 18 सितंबर को क्षेत्रीय विधायक कुंवर बृजेश सिंह द्वारा की गई थी। बताया गया था कि उक्त 14 किमी. मार्ग राज्य वित्त एवं नाबार्ड द्वारा 40 करोड़ की लागत से बनवाए जाना स्वीकृत हुआ है। लेकिन नौ माह गुजर जाने के बाद भी उक्त मार्ग का निर्माण नहीं हो सका है, जिसके चलते दर्जनों गांव को जोड़ने वाली यह सड़क अब पूरी तरह बदहाल हो चुकी है और लोगों का इस पर चलना भी दूभर हो गया है। हालांकि बरसात से पूर्व उक्त क्षतिग्रस्त मार्ग के गढ्डों को भर जरूर दिया गया था लेकिन बरसात की पहली बारिश में ही सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे उक्त मार्ग पर आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, विधायक बृजेश सिंह ने बताया कि शीघ्र ही सड़क पर निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। बताया कि इसमें छह किमी हिस्सा प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत निर्माण को स्वीकृत हुआ था, जिसमे केवल पांच मीटर चौड़ी सड़क का चौड़ीकरण होना था। जबकि नाबार्ड द्वारा प्रस्तावित सड़क में सात मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी।

मोदी के मिशन को चरितार्थ कर रहे योगी : विजय त्यागी

देवबंद : भाजपा युवा मोर्चा द्वारा कार्यक्रम का आयोजन कर नवनिर्वाचित देवबंद ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजय त्यागी का स्वागत किया गया। मोहल्ला लहसवाड़ा स्थित बाबा बालगिरी महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित हुए कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजय त्यागी ने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ सबका विकास के नारे को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चरितार्थ कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर के पूर्व जिलाध्यक्ष देववृत त्यागी व क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य शिवराज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास की गंगा बह रही है, जिससे जनता बेहद संतुष्ट हैं। जिला उपाध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला महामंत्री पवन संवई व भाजयुमो जिला महामंत्री अभिषेक त्यागी ने भी विचार रखे और कार्यकर्ताओं से विस चुनाव की तैयारी में जुटने का आहवान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतकराष्ट्रीय ध्यान गुरु स्वामी दीपांकर महाराज व संचालन रणजीत वाल्मिकी ने किया। मनोज नामदेव, सुमित सैनी, राहुल वाल्मिकी, दीपक चंचल, अर्जुन चौधरी, मनीष त्यागी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी