मक्का, बेलदार और आम की फसल प्रभावित

कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के बाद शनिवार की आधी रात में तेज हवाओं के साथ हुई मानसून की पहली बरसात ने बागवानों व किसानों की फसलों को प्रभावित किया। बिजली की लाइनों पर पेड़ टूटकर गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी। जो रविवार की शाम तक भी सूचारू नहीं हो सकी थी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 10:27 PM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 10:27 PM (IST)
मक्का, बेलदार और आम की फसल प्रभावित
मक्का, बेलदार और आम की फसल प्रभावित

सहारनपुर, जेएनएन। कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी के बाद शनिवार की आधी रात में तेज हवाओं के साथ हुई मानसून की पहली बरसात ने बागवानों व किसानों की फसलों को प्रभावित किया। बिजली की लाइनों पर पेड़ टूटकर गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी। जो रविवार की शाम तक भी सूचारू नहीं हो सकी थी।

गौरतलब है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पुरवाई हवाओं के चलते उमस भरी गर्मी ने लोगों को हलकान कर रखा था। लेकिन शनिवार की आधी रात के बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में तेज गर्जना के साथ तेज बरसात व तेज हवाओं ने जोर पकड़ लिया। जोरदार बारिश मैदानी क्षेत्र के अलावा पहाड़ी क्षेत्र में भी हुई। हवाओं से भारी भरकर पेड़ टूटकर गिरने से विद्युत लाइनें टूट गई, जिससे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर बाद तक कस्बे की आपूर्ति तो चल गयी थी, लेकिन शाम तक देहात में आपूर्ति चालू नहीं हुई थी। इसके अलावा आम के बाग में भी अंधड़ से काफी फल टूटकर जमीन पर आ गिरे, जिससे आम का व्यवसाय करने वालों को काफी हानि हुई है। उधर, मक्का व बेलदार सब्जी आदि की फसलों को भी तूफान से काफी क्षति पहुंची है।

संवाद सूत्र अंबेहटा: दो दिन से रात मे आने वाली तेज आंधी ने बाग ठेकेदारों व मालिकों की चिन्ता बढ़ा दी है। रविवार तड़के आयी तेज हवा से दुकानों व मकानों पर गिरे टीन शेड उड़ गये। क्षेत्र मे कई विद्युत पोल गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। ग्रामीण क्षेत्र मे पेड़ गिर गये। तेज हवा ने बाग मे आम की चादर सी बिछा दी, जिससे बाग ठेकेदारों को भारी नुकसान की आशंका है। दो हफ्तों से गर्मी के विकराल रूप के बाद बीती रात को तेज हवा व बारिश से आमजन को राहत मिली। बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया वही किसानों के भी चेहरे खिल गये। किसान तेजपाल, जगपाल सिंह,चैनपाल सिंह,बिट्टु चौधरी,अहकाम चौधरी ने बताया कि बारिश से धान की फसल को लाभ मिलेगा।मूसलाधार बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया। महिलायें अधिकतर खेतों मे धान लगाती नजर आयी।

संवाद सूत्र,बड़गांव: बारिश जहां किसानों के लिए फायदेमंद साबित हुई है वहीं आंधी तूफान ने गन्ने की फसल को नुकसान पंहुचाया है। सुबह दो बजे से क्षेत्र में लगभग एक घंटा जमकर बारिश हुई। किसान रविद्र सिंह, ओमपाल सिंह का कहना है कि बारिश गेंहू व धान की फसल के लिए फायदेमंद है लेकिन आंधी ने गन्ने की फसल को कहीं कहीं गिरा दिया है। अभी से गिरे गन्ने को पेराई सत्र तक रोक पाना संभव नहीं है।

chat bot
आपका साथी