कोरोना संक्रमितों को स्टाफ नर्स ने बांधा रक्षासूत्र
फतेहपुर स्थित कोविड 19 लेवन वन अस्पताल मे भर्ती मरीजों को स्टाफ नर्स ने राखी बांधी।
सहारनपुर, जेएनएन। फतेहपुर स्थित कोविड 19 लेवन वन अस्पताल मे भर्ती मरीजों को स्टाफ नर्स ने राखी बांधकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सोमवार को रक्षाबंधन के पर्व पर सीएचसी फतेहपुर में बनाए गए कोविड 19 लेवन वन अस्पताल में स्टाफ नर्स रोनिका सिंह ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। रोनिका सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजो को इस बार उनकी बहने राखी नही बांध सकीं तो उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ नवदीप गुप्ता के सहयोग से कोविड वार्ड में जाकर सभी मरीजों को रक्षा सूत्र बांधा। मरीजों को जब इसबात का पता चला कि उनकी कलाई सूनी नहीं रहेगी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अस्पताल में भर्ती महिलाओं ने भी साथी मरीजों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।