पार्षदों ने किया निगम के अधिशासी अभियंता का घेराव

स्मार्ट सिटी में आने वाले एबीडी एरिया के पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न समस्याओं के निदान की मांग को लेकर नगर निगम के जलकल अधिशासी अभियंता का कार्यालय में घेराव किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 10:59 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 10:59 PM (IST)
पार्षदों ने किया निगम के अधिशासी अभियंता का घेराव
पार्षदों ने किया निगम के अधिशासी अभियंता का घेराव

जेएनएन, सहारनपुर। स्मार्ट सिटी में आने वाले एबीडी एरिया के पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न समस्याओं के निदान की मांग को लेकर नगर निगम के जलकल अधिशासी अभियंता का कार्यालय में घेराव किया।

पार्षदों का कहना था कि स्मार्ट सिटी और जल निगम कार्यदायी संस्था के द्वारा एबीडी एरिया के वार्डों में सीवर लाइन डालते हुए सड़क के दो फाड़ कर दिए गए हैं। जिसके कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। यही नहीं सड़कों से निकली मिट्टी व मलबा आदि वहीं पड़ा है। इस दौरान बारिश होने से वार्डों के रास्तों में कीचड़ हो गई है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन डाली गई है वहां की सड़कों का निर्माण तुरंत करवाया जाए। इस दौरान पार्षद अभिषेक-टिकू अरोड़ा, विपिन जैन, हाजी गुलशेर, इमरान सैफी, चौधरी शहजाद, गौरव चौधरी, फजलुर्रहमान, अमजद, इरशाद, रिहान अली, शाहरुख आदि मौजूद रहे।

धीमी गति से हो रहे विकास कार्यों से व्यापारियों में नाराजगी

सहारनपुर उद्योग व्यापार मंडल ने निगम क्षेत्र में विकास कार्य धीमी गति से होने पर गहरी नाराजी जताई है। व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने महामंत्री रवि जुनेजा, युवा अध्यक्ष मुकेश गक्खड़ के नेतृत्व में नगर आयुक्त से मिलकर निगम व विकास प्राधिकरण की कार्यशैली पर रोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से सीवर लाइन डालने के नाम पर तोड़ी गई सड़कों का निर्माण नहीं हो रहा है। पुल जोगियान से पांवधोई नदी के दोनों ओर सड़क का निर्माण शुरू नहीं कराया गया है और सीताराम कांपलेक्स के सामने पुल का निर्माण भी कई माह से अधर में लटका हुआ है। जिससे व्यापारी वर्ग व आम जनता को अत्यधिक परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण में देरी निगम की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाती है। उन्होंने कंपनी गार्डन के एक भाग को पक्षी उद्यान या डियर पार्क के रूप में भी विकसित करने की मांग के साथ समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की। इस दौरान संजय गक्खड़, अमित वता, अमित गर्ग, सुभाष सैनी, राहुल गांधी ,राजेश, आशू सिधु, दीपक भाटिया करण मल्होत्रा मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी