भाकियू ने की पुल, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की मांग, दिया धरना

क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने गांव महमूदपुर नगली के पास धरना प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 10:50 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 10:50 PM (IST)
भाकियू ने की पुल, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की मांग, दिया धरना
भाकियू ने की पुल, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की मांग, दिया धरना

सहारनपुर, जेएनएन। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने गांव महमूदपुर नगली के पास धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि यदि 10 अगस्त तक समस्याओं को लेकर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो संगठन आंदोलन तो करेगा ही आगामी चुनाव का भी बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर नायब तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा गया।

धरने पर मौजूद क्षेत्र के कई गांव के लोगों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में पुरानी यमुना नदी पर आज तक पुल का निर्माण नहीं किया गया है। जबकि यह मांग शासन तक कई बार पहुंचाई जा चुकी है। इस समस्या के कारण बाढ़ आने पर यहां के लोग दवा तक लेने बाहर नहीं जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोई सीएचसी अथवा पीएचसी भी नहीं है। जिस कारण यहां के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी भटकना पड़ता है। रायपुर से अलाउद्दीनपुर तक का मार्ग ना जाने कितने सालों से टूटा पड़ा है। मांग करने के बावजूद भी आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार सुविधाओं की बात करती है लेकिन इस क्षेत्र में अभी तक कोई इंटर कालेज तक नहीं है। जिस कारण यहां के छात्र-छात्राओं को भी बाहर भटकना पड़ता है। ऐसे में इन बच्चों का भविष्य भी खतरे में रहता है। ग्रामीणों ने धरना स्थल पर गांव-गांव पेयजल व्यवस्था की भी मांग करते हुए कहा कि भूजल स्तर नीचे चले जाने के कारण यहां पीने के पानी की समस्या हो रही है। जिसके लिए जल निगम के ओवर हेड टैंक लगाए जाएं। एसडीएम दीप्ति देव यादव ने नायब तहसीलदार भोपाल सिंह सैनी को धरना स्थल पर भेजा जिन्हें धरना दे रहे नेताओं ने ज्ञापन सौंपा। धरने को जिला प्रवक्ता रघुवीर सिंह तहसील अध्यक्ष सचिद्र राणा, अनुज कश्यप, मोहम्मद साजिद, सुरेंद्र कंबोज, मनोज कुमार आदि ने भी संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी