देखिए आरोग्य सेतु: हर 500 मीटर पर शहर में कोरोना पाजिटिव

मार्च 2020 में जैसे ही कोरोना वायरस ने दस्तक दी तो भारत सरकार ने देश में आरोग्य सेतु एप को लांच किया था।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 11:24 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 11:24 PM (IST)
देखिए आरोग्य सेतु: हर 500 मीटर पर शहर में कोरोना पाजिटिव
देखिए आरोग्य सेतु: हर 500 मीटर पर शहर में कोरोना पाजिटिव

सहारनपुर, जेएनएन। मार्च 2020 में जैसे ही कोरोना वायरस ने दस्तक दी तो भारत सरकार ने देश में आरोग्य सेतु एप को लांच किया था। यह एप कोरोना वायरस से बचाने के लिए घरेलू नुस्खे के अलावा रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाने के तरीके बताता है। साथ ही यह खुद को भी पाजिटिव होने की जानकारी देता है। वहीं, एप में यह भी खूबी है कि वह अपने आसपास एक किलोमीटर के दायरे में मरीजों की संख्या को भी बताता है। इसी एप के जरिए दैनिक जागरण की टीम ने शुक्रवार को शहर में पड़ताल की। पांच चौराहों पर पहुंची दैनिक जागरण की टीम को हर 500 मीटर के दायरे में दर्जनों की संख्या में मरीज मिले। आइए बताए कहां पर कितने मरीज मिले हैं।

स्थान : कलक्ट्रेट गेट

समय : 11:20

जिस समय यहां पर दैनिक जागरण की टीम ने एप को आन किया तो इस वक्त यहां 500 व एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले 12 हजार 534 लोगों ने एप का प्रयोग किया, जिसमें से एप के अनुसार सात लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए। बता दें कि यह क्षेत्र काफी भीड़-भाड़ वाला है। स्थान : विश्वकर्मा चौक

समय : 11:34

शहर के विश्वकर्मा चौक के आसपास आबादी तो कम है, लेकिन यहां पर ट्रैफिक बहुत निकलता है। यहां पर आरोग्य सेतु एप के अनुसार 13 हजार 200 लोगों ने आरोग्य सेतु एप का प्रयोग किया हुआ था, जिसमे से पांच कोरोना पाजिटिव केस सक्रिय पाए गए। स्थान : चौधरी चरण सिंह चौक

समय : 11:44

चौधरी चरण चौक पर भी खूब भीड़-भाड़ रहती है। अति व्यस्त क्षेत्र होने के कारण यहां पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहती है। वाहनों का आवागमन अधिक रहता है। यहां पर इस समय तक 15 हजार 218 लोगों ने आरोग्य सेतु एप का प्रयोग किया था, जिसमें 11 मरीज कोरोना पाजिटिव पाए गए। स्थान : जिला अस्पताल गेट

समय : 11:55

जिला अस्पताल के गेट और अंदर भी काफी भीड़ रहती है। हालांकि कोरोना काल में ओपीडी बंद है। बावजूद इसके यहां पर आरोग्य सेतु एप से पता चला कि 500 मीटर से एक किलोमीटर के दायरे में 19 कोरोना पाजिटिव केस हैं। स्थान : घंटाघर

समय : 12:10

घंटाघर शहर का सबसे व्यस्त क्षेत्र है। यहां पर एक दिन में लाखों लोगों का आवागमन होता है। आरोग्य सेतु एप की माने तो यहां पर दोपहर में 32 हजार लोगों ने आरोग्य सेतु एप का इस्तेमाल किया, जिनमें से 42 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए।

---

कई स्थानों पर लापरवाही मिली

दैनिक जागरण टीम को शहर के घंटाघर, चौधरी चरण सिंह चौक, एसबीडी रोड आदि स्थानों पर लापरवाही भी देखने को मिली। कई निजी क्लीनिकों के बाहर भीड़ दिखी जहां नियमों का पालन नहीं हो रहा था। कहीं-कहीं बिना मास्क के लोग घूमते हुए नजर आए। आइसोलेशन वार्ड के बाहर एंबुलेंस पंक्चर हुई खड़ी मिली। इन्होंने कहा..

आरोग्य सेतु एप भारत सरकार का एप है। इस पर मिलने वाली जानकारी अधिकतर सही होती है। तकनीकी खराबी के कारण गलती हो सकती है। वैसे यह जानकारी सही देता है।

-डा. बीएस सोढ़ी, सीएमओ।

chat bot
आपका साथी