भीम आर्मी नेता चंद्रशेखर बोले, 2019 का चुनाव संविधान बनाम नागपुर होगा

भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद रावण ने फेसबुक लाइव पेज पर कहा कि भाजपा के खिलाफ चल रही लड़ाई में सभी को साथ आना होगा।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Tue, 18 Sep 2018 08:15 PM (IST) Updated:Wed, 19 Sep 2018 09:37 AM (IST)
भीम आर्मी नेता चंद्रशेखर बोले, 2019 का चुनाव संविधान बनाम नागपुर होगा
भीम आर्मी नेता चंद्रशेखर बोले, 2019 का चुनाव संविधान बनाम नागपुर होगा

सहारनपुर (जेएनएन)।  भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर ने फेसबुक लाइव पेज पर कहा कि भाजपा के खिलाफ चल रही लड़ाई में सभी को साथ आना होगा। दावा किया कि यादव भी उनके साथ हैं। बताया कि भीम आर्मी में मुस्लिम समाज को भी पद दिए जाएंगे। भाजपा मुस्लिमों को आतंकवादी कहती है। मुस्लिम गद्दार नहीं है। वो देश के सच्चे नागरिक हैं। 

मंगलवार सुबह बीस मिनट तक फेसबुक पर लाइव रहे चंद्रशेखर ने कहा कि 2019 तक कोई चैन से न बैठे। यही मौका है कि जब भाजपा को सत्ता से हटाकर अनुसूचित समाज के व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाना है। कहा कि इस बार चुनाव संविधान बनाम नागपुर है, क्योंकि भाजपा नागपुर की मानसिकता से देश चलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब मूर्ति पूजा के खिलाफ थे। इसलिए न तो उनकी प्रतिमा लगाओ और न ही उनका चित्र पकड़कर चलो। पकडऩा है तो बाबा साहब का चरित्र पकड़ो, ताकि देश आगे बढ़ सके।

न रुकंगा, न बिकंगा...
चंद्रशेखर ने बताया कि उन्होंने एक नारा तैयार किया है, जिसके माध्यम से वह राजनीतिक दल व अन्यों को भी यह संदेश देना चाहते हैं कि भीम आर्मी राजनीतिक मंच नहीं है। यह सामाजिक संगठन है। इसलिए उन्हें राजनीति में फंसाने की कोशिश न करें। अपने नारे के रूप में बताया कि 'न रुकूंगा, न झुकूंगा और न बिकने वाला हूं।

चंदशेखर ने की अरशद मदनी से मुलाकात
भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर ने मंगलवार को देवबंद में जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब आधा घंटा तक बंद कमरे में बातचीत हुई। चंद्रशेखर ने अपने सिर पर मदनी का हाथ रखवाकर उनसे आशीर्वाद लिया। बाद में चंद्रशेखर मीडिया से बचते हुए यहां से रवाना हो लिए। कुरेदने पर रावण ने मीडिया से सिर्फ इतना कहा कि शोषित, वंचित व पिछड़े समाज को एकजुट करना उनका मकसद है। इनके हकों की लड़ाई वह हमेशा लड़ते रहेंगे। मौलाना अरशद मदनी ने चंद्रशेखर से मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट बताया है।

मुस्लिमों के साथ हो रहा अन्याय : गुलफाम
 मंगलवार को आल इंडिया मोमिन कांफ्रेंस का प्रतिनिधिमंडल भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर से मिलने उनके आवास पर पहुंचा। कांफ्रेंस के राष्ट्रीय महासचिव गुलफाम अंसारी ने उन्हें हर दुख-दर्द में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी अंसारी समाज कंधे से कंधा मिलाकर भीमआर्मी के साथ रहेगा। इस दौरान बसपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री ददू सिंह भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी