जिपं सदस्य के पुत्र ने ग्राम विकास अधिकारी को पीटा, मुंह पर थूका

रामपुर बिलासपुर क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य के पुत्र ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ग्राम विकास अधिकारी को ब्लाक कार्यालय में ही बुरी तरह पीट दिया। कनपटी पर तमंचा तानकर धमकाया और मुंह पर थूक दिया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 12:09 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 12:09 AM (IST)
जिपं सदस्य के पुत्र ने ग्राम विकास अधिकारी को पीटा, मुंह पर थूका
जिपं सदस्य के पुत्र ने ग्राम विकास अधिकारी को पीटा, मुंह पर थूका

रामपुर: बिलासपुर क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य के पुत्र ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ग्राम विकास अधिकारी को ब्लाक कार्यालय में ही बुरी तरह पीट दिया। कनपटी पर तमंचा तानकर धमकाया और मुंह पर थूक दिया। कार्यालय में रखे अभिलेख भी फाड़ डाले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी।

टांडा तहसील के पीपली नायक गांव निवासी राजीव कुमार ब्लाक में ग्राम विकास अधिकारी हैं। बुधवार दोपहर वह ब्लाक कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी बीच महुनागर गांव निवासी जिला सदस्य तरवीन जहां का पुत्र अफसान खां और उसमान खां, आलमगीर व सब्बू उनके पास पहुंचे। अफसान ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दबाव बनाया। उनके मना करने पर गाली देने लगा और फिर कनपटी पर तमंचा तान दिया। उनके साथ मारपीट करते हुए मुंह पर थूक दिया। मौके पर तमाम कर्मचारी जमा हो गए और ग्राम विकास अधिकारी को बचाया। इसपर चारों आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। दिनदहाड़े ब्लाक कार्यालय में ग्राम विकास अधिकारी पर हुए हमले से कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक लखपत सिंह ने घटना के बारे में जानकारी की। पुलिस को देख ग्राम विकास अधिकारी फूट फूटकर रोने लगे। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। पुलिस ने शाम को रिपोर्ट भी दर्ज कर ली। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके खिलाफ गुंडा एक्ट भी लगाया जाएगा। दूसरी ग्राम विकास अधिकारियों में घटना से आक्रोश है। ब्लाक के तमाम ग्राम विकास अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही हमलावर गिरफ्तार नहीं किए गए तो आंदोलन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी