टेंडर पास, अब जल्द होगी नालों की सफाई

रामपुर मानसून ने दस्तक दे दी है। इस बार भी शहर बारिश में पानी-पानी हो रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 10:48 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 10:48 PM (IST)
टेंडर पास, अब जल्द होगी नालों की सफाई
टेंडर पास, अब जल्द होगी नालों की सफाई

रामपुर : मानसून ने दस्तक दे दी है। इस बार भी शहर बारिश में पानी-पानी हो रहा है। नगर पालिका के द्वारा नालों की तली झाड़ सफाई का टेंडर पास हो गया है। इससे अब उम्मीद है कि जल्द नालों की सफाई का कार्य पूरा होगा और लोगों को बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।

शनिवार को सुबह झमाझम बारिश से शहर के अधिकतर नालों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगा था। कुछ स्थानों पर घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया था, जिसे लोगों ने बारिश रुकने के बाद बाल्टी और बर्तनों में भरकर बाहर निकाला था। लोग बरसात शुरू होने से पहले नालों की तली झाड़ सफाई कराने की मांग कर रहे हैं, जिससे बारिश में शहर टापू न बने। शहर में छोटे-बड़े 85 नाले हैं। बरसात से पूर्व अगर इन सभी नालों की सफाई का कार्य पूरा नहीं हुआ तो शहर में जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को काफी दिक्कत होगी। इस बार नालों की अभी तक तली झाड़ सफाई का कार्य शुरू नहीं हो सका है। बरसात के मद्देनजर नगर पालिका के द्वारा अपने संसाधनों के द्वारा नालों का चैनेलाइजेशन कराया जा रहा है। 85 नालों में से 35 नालों का चैनेलाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है। नालों के चैनेलाइजेशन के दौरान नालों की तली झाड़ सफाई नहीं की जाती है। इसमें कूड़े से अटे नालों में से अवरोध को हटाया जाता है, जिससे नाले में पानी न रुके और बहता रहे। इस तरह नालों के चैनेलाइजेशन का काम भी अभी तक आधे से ज्यादा बाकी है।

बरसात का मौसम निकट है। मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार को बारिश के कारण शहर के सभी नाले-नालियां ओवरफ्लो हो गए थे। ऐसे में रामनाथ कालोनी में काफी बड़ा नाला है, जो अभी तक कूड़े से अटा पड़ा है। इसी तरह शहर में अन्य नाले अभी कूड़े से अटे हुए हैं, बारिश में सड़कों पर जलभराव हो गया था। हालांकि बारिश रुकने के बाद सड़कों पर से जलभराव खत्म हो गया था। लोगों का कहना है कि अगर बरसात से पूर्व सभी नालों की ठीक से सफाई नहीं कराई गई तो लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा। लोगों ने सभी नालों की तलीझाड़ सफाई कराने की मांग की है। नगर पालिका द्वारा अभी तक अपने संसाधनों से नालों की सफाई का कार्य कराया जा रहा था। अब नालों की सफाई का टेंडर भी हो चुका है। इससे नालों की काफी तेजी से सफाई होगी, जिससे लोगों को बरसात में कोई दिक्कत न हो।

इंदू शेखर मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका

chat bot
आपका साथी