टांडा में छात्रा की गला दबाकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव

क्षेत्र के कलइया नगला गांव में दलित छात्रा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव गन्ने के खेत में मिला है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 05:56 PM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 06:52 PM (IST)
टांडा में छात्रा की गला दबाकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव
टांडा में छात्रा की गला दबाकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव

जागरण संवाददाता, टांडा(रामपुर) : क्षेत्र के कलइया नगला गांव में दलित छात्रा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव गन्ने के खेत में मिला है। घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। धोबी अनुसूचित जाति की छात्रा आरती (15) कक्षा सात में पढ़ती थी। उसके पिता विजय सिंह काशीपुर (उत्तराखंड) की एक सरिया फैक्ट्री में ट्रैक्टर चलाते हैं। सोमवार रात छात्रा अपनी मां शीला देवी के साथ सो रही थी। रात दो बजे मां की आंख खुली तो वह चारपाई पर नहीं थी। मां ने उसे घर में ढूंढा नहीं मिलने पर अपने देवर राजू को जगाया। इसके बाद दोनों उसकी तलाश करने लगे। मंगलवार सुबह छात्रा के पिता भी आ गए। सभी उसकी तलाश में जुट गए। गांवों के अलावा बस स्टैंड पर भी ढूंढा।

काफी तलाश के बाद उसका शव गांव के अख्तर के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव देख स्वजनों के होश उड़ गए। चीख पुकार मच गई। गांव के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर टांडा कोतवाली प्रभारी माधो सिंह बिष्ट पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंच गए। घटना के बारे में जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।

इस पर पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम और अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह भी घटनास्थल पर आ गए। घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद एसपी ने स्वजनों से छात्रा के बारे में जानकारी की। स्वजनों ने गांव के ही एक युवक पर शक जताया। छात्रा के गले पर निशान होने से उसकी गला दबाकर हत्या की आशंका जताई। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बताया कि मृतका के गले पर चोट के निशान हैं। म़ृतका के पिता ने नामजद तहरीर दी है। जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

chat bot
आपका साथी