एक माह तक जिले में चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान

रामपुर बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन जुलाई माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान शुरू करने जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 10:47 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 10:47 PM (IST)
एक माह तक जिले में चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
एक माह तक जिले में चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान

रामपुर : बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन जुलाई माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान शुरू करने जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी रविद्र कुमार मांदड़ ने बैठक कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने सभी अधिकारियों की बैठक बुलाई।

बताया कि पहली जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा, जो 31 जुलाई तक चलेगा। शासन द्वारा निर्देशित संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत पूरे जुलाई माह में गतिविधियां आयोजित होनी हैं, जिसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, आइसीडीएस, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना विभाग एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिलाधिकारी ने पिछले वर्ष में चलाए गए संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए आगामी जुलाई माह में सभी विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से जुड़ी गतिविधियां पूरी जिम्मेदारी के साथ संचालित करने के लिए निर्देश दिए। कहा कि 27 जून तक सभी विभाग अपनी कार्य योजना स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएं। उन्होंने मलेरिया एवं टीबी रोगियों की जांच एवं उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कहा कि संचारी रोगों के उपचार के दौरान सभी प्रकार के जरूरी संसाधन एवं दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता होनी चाहिए।

शहर से लेकर गांवों तक आबादी क्षेत्र में स्थित तालाबों में एंटी लार्वा दवाइयों के छिड़काव के संबंध में भी निर्देशित किया। कहा कि इससे मच्छरों को फैलने से रोका जा सकता है और संचारी रोगों पर नियंत्रण करने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने 12 जुलाई से 25 जुलाई तक जिले में दस्तक अभियान चलाए जाने की भी जानकारी दी। कहा कि दस्तक अभियान में आशाएं घर-घर जाकर बुखार के रोगियों, टीबी रोगियों, दिमागी बुखार के कारण दिव्यांग व्यक्तियों एवं कुपोषित बच्चों को चिन्हित करके उनकी सूची तैयार करेंगी। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजीव यादव और अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता सहित बैठक से संबंधित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी