मंदिरों में इस बार नहीं हो रहा रुद्राभिषेक, घरों पर हो रही पूजा

सावन माह में हर साल मंदिरों और घरों में विशेष पूजन खासकर रुद्राभिषेक नहीं कर पाए। बाबा के भक्तों ने मंदिरों के द्वार पर भ्ही पूजन किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 14 Jul 2020 12:38 AM (IST) Updated:Tue, 14 Jul 2020 12:38 AM (IST)
मंदिरों में इस बार नहीं हो रहा रुद्राभिषेक, घरों पर हो रही पूजा
मंदिरों में इस बार नहीं हो रहा रुद्राभिषेक, घरों पर हो रही पूजा

जागरण संवाददाता, रामपुर : सावन माह में हर साल मंदिरों और घरों में विशेष पूजन खासकर रुद्राभिषेक होता था। पुजारी और पंडित विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक का पूजन कराते थे। इससे सावन माह में पुजारियों की आमदनी भी बढ़ जाती थी, लेकिन कोरोना काल के चलते इस बार सब कुछ बदला-बदला है। शहर के प्रसिद्ध मंदिर बंद हैं। भमरौआ स्थित श्री पातालेश्वर महादेव शिव मंदिर और पंजाबनगर स्थित श्री ओम नागेश्वर महादेव शिव मंदिर बंद हैं। ऐसे में मंदिरों में न तो रुद्राभिषेक ही हो पा रहा है और न ही भंडारे। कोरोना काल के चलते लोग संक्रमण के चलते बड़े आयोजन करने से भी कतरा रहे हैं। पहले लोग अपने-अपने घरों में भी रुद्राभिषेक का कार्यक्रम आयोजित करते थे, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों के अलावा आस-पड़ोस के काफी संख्या में लोग शामिल होते थे। ऐसे में इस समय अगर घर में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम आयोजित किया जाए तो काफी संख्या में भीड़ एकत्र होगी। इससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है। इसलिए जागरूक लोग अब रुद्राभिषेक का बड़ा कार्यक्रम नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में सावन के माह में जिन पुजारियों को पूरे दिन समय नहीं मिलता था। अब वह मंदिर में पूरे दिन खाली रहते हैं। मंदिर में सावन माह में हर साल रोजाना रुद्राभिषेक के तीन कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे। पूरे दिन में कई भंडारे चलते थे। मगर कोरोना काल में मंदिर के कपाट बंद कर दिए हैं। इससे अब मंदिर में रुद्राभिषेक भी नहीं हो रहे। सावन माह में पहले बिल्कुल फुर्सत नहीं मिलती थी, लेकिन अब खाली बैठे रहते हैं। मंदिर में सुबह और शाम के समय पूजा-अर्चना करते हैं।

-- नरेश शर्मा, पुजारी, श्री पातालेश्वर महादेव शिव मंदिर भमरौआ। मंदिर में हर साल सावन माह में रोजाना रुद्राभिषेक और भंडारे होते थे, लेकिन इस बार कोरोना महामारी के चलते मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में श्रद्धालु मंदिर नहीं आ रहे हैं। इस समय मंदिर में रुद्राभिषेक और भंडारे भी नहीं हो रहे हैं। पहले सावन माह में बिल्कुल टाइम नहीं मिलता था। अब मंदिर में खाली बैठे रहते हैं। मंदिर में सुबह-शाम पूजा करते हैं।

-- रामवीर मिश्रा, पुजारी, श्री ओम नागेश्वर महादेव शिव मंदिर पंजाबनगर। भमरौआ स्थित श्री पातालेश्वर महादेव शिव मंदिर में पिछले 22 सालों से हर साल सावन माह में से रुद्राभिषेक का कार्यक्रम कराते थे। लेकिन करोना काल के चलते इस बार मंदिर बंद है। कोरोना से बचाव के लिए जरूरी है कि कहीं पर भीड़ एकत्र न हो। ऐसे में इस साल रुद्राभिषेक का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। घर पर ही महामृत्युंजय मंत्र का जाप करते हैं और सुबह-शाम शिव आराधान करते हैं।

-- अश्वनी त्यागी, श्रद्धालु। भमरौआ स्थित श्री पातालेश्वर महादेव शिव मंदिर में पिछले 15 सालों से हर साल सावन के महीने में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम कराते थे। इसके अलावा भंडारा भी कराया जाता था। इस समय कोरोना काल चल रहा है, जिसके चलते मंदिर बंद है। घर पर बड़ा आयोजन करने पर भीड़ एकत्र होगी, जो कोरोना संक्रमण के समय ठीक नही है। इस बार घर पर सुबह-शाम पूजा-अर्चना कर भोले की आराधना करते हैं।

-- लाल सिंह, श्रद्धालु।

chat bot
आपका साथी